रांची: ईडी ने 800 करोड़ रुपये के GST घोटाले में 135 से अधिक शेल कंपनियों के इस्तेमाल का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने इन कंपनियों से जुड़े 10 बैंक खातों में जमा 60 लाख रुपये जब्त कर लिए हैं। इस मामले में कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा को रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपी — मोहित देवड़ा, अमित गुप्ता और विक्की भालोटिया — न्यायिक हिरासत में हैं।
ईडी की जांच में सामने आया कि इन चारों आरोपियों ने कागजी कंपनियों के जरिए फर्जी इनवॉयस तैयार कर जीएसटी में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दुरुपयोग किया और 800 करोड़ रुपये का घोटाला किया।
शिवकुमार देवड़ा ने अकेले सात शेल कंपनियों के जरिए 55.83 करोड़ रुपये का ITC हासिल किया।
अमित और सुमित गुप्ता की छह कंपनियों से 47.51 करोड़ रुपये का फायदा उठाया गया।
विक्की भालोटिया ने छह कंपनियों के माध्यम से 15.95 करोड़ रुपये का फर्जी लाभ लिया।
ईडी ने 7 और 8 मई को रांची, जमशेदपुर और कोलकाता में आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। फिलहाल, शिवकुमार देवड़ा से पूछताछ जारी है और अन्य तीन आरोपी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं।
जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि सभी आरोपी अन्य कई शेल कंपनियों में निदेशक के रूप में शामिल रहे हैं, जिससे यह घोटाला संभव हो सका।







