बोकारोः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बोकारो जिला अंतर्गत योजनाओं का शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने जिला वासियों को 17097.82 लाख रुपए की लागत वाली 70 योजनाओं की सौगात दी है. इसमें 2322.65 लाख रुपए की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया. साथ ही 14775.17 लाख रुपए की 53 योजनाओं की आधारशिला रखी. कार्यक्रम में 10067 लाभुकों के बीच 5636.94 लाख रुपए की परिसंपत्ति वितरण किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी हर योजना और नीति जन आकांक्षाओं के अनुरूप है. सरकार जो भी कार्य योजना बनाती है, उसमें जनता की सोच और उसकी उम्मीदों का विशेष ध्यान रखा जाता है. समाज का कोई भी वर्ग और तबका हो, हर किसी के हित और कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.
गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 15 लाख रुपए तक का एजुकेशन लोन होगा उपलब्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे सिर्फ अपनी पढ़ाई की चिंता करें. पढ़ाई का खर्च सरकार वहन करेगी. उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा से लेकर विदेशों में उच्च शिक्षा के लिए सरकार की योजनाएं हैं. बच्चों की पढ़ाई जारी रहे इस उद्देश्य से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना शुरू की गई है. छात्रवृत्ति राशि में इजाफा किया गया है. विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की कोचिंग से लेकर मेडिकल इंजीनियरिंग और लॉ जैसे कोर्सेज की पढ़ाई पर होने वाले खर्च को भी सरकार वाहन कर रही है. अगर विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं तो उसका शत प्रतिशत खर्च सरकार वाहन कर रही है। इसी कड़ी में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की जा रही है. इसके तहत 15 लाख रुपए तक का एजुकेशन लोन न्यूनतम ब्याज दर पर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री पशुधन योजना इसी कड़ी का एक अहम हिस्सा है. इसके तहत लाभुकों को सरकार के द्वारा जो भी पशु दिया जाएगा, उसका अब इंश्योरेंस होगा, ताकि पशुओं की मौत पर लाभुकों को आर्थिक क्षति नहीं हो और वह आगे भी पशुपालन से जुड़े रहे.
70 परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन-शिलान्यास
- 53 योजनाओं की आधारशिला रखी।
● कार्यक्रम में 10067 लाभुकों के बीच 5636.94 लाख रुपए की परिसंपत्ति बांटी।
● मॉडल डिग्री कॉलेज, गोमियां के भवन का उद्घाटन।
● चंदनक्यारी, गोमियां, चंद्रपुरा और चास मे स्थित उच्च विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा और मल्टीपरपज ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य की रखी गई आधारशिला।
● पेटरवार, गोमियां, चंदनक्यारी, नवाडीह और चास में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में ऑडिटोरियम का शिलान्यास ।
● एकीकृत धनवंतरी आयुष अस्पताल, बोकारो के निर्माण की रखी गई नींव।
● 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल का शिलान्यास।
● मॉडल डिग्री कॉलेज, नवाडीह का शिलान्यास।
मौके पर मंत्री बेबी देवी, मिथिलेश ठाकुर, योगेंद्र प्रसाद, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव सुनील कुमार, डीआईजी कन्हैयालाल मयूर पटेल और जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
Highlights







