पटना : बिहार विधानसभा के भाजपा के विधायक नंदकिशोर यादव निर्विरोध स्पीकर चुन लिए गए हैं। आज वह सदन की कार्यवाही में अपने आसन पर बैठ दिखाई दिए। उन्हें सीएम नीतीश कुमार और बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव आसन के पास ले गए। वहीं नंदकिशोर यादव को स्पीकर बनने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने उनेक चेंबर में जाकर बधाई दी। वहीं तेजस्वी यादव नए स्पीकर के पैर छुए और कहा कि आपसे उम्मीद है। नंदकिशोर यादव ने 17वीं विधानसभा के तीसरे अध्यक्ष बन रिकॉर्ड बनाया।
वहीं बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने नंदकिशोर यादव को बिहार विधानसभा अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके पास राजनीति का लंबा अनुभव है। ऐसे में पूरा विश्वास है कि वह अपने कार्यकाल के दौरान अपने कार्यों का बेहतरीन तरीके से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वह पहले भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सरकार में मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं और पार्टी के लिए मार्गदर्शन रहे हैं। अब पुनः वह सरकार में विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इससे लोकतंत्र की खूबसूरती का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा यही उम्मीद है।
अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट







