Dhanbad: श्रमिक चौक पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ऑटो और टोटो (ई-रिक्शा) ड्राइवरों के बीच सवारी बिठाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामूली नोकझोंक कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई, जिसके बाद चौक पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी बाधित हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने में लगे। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद दोनों ड्राइवरों को पुलिस ने हिरासत में लेकर धनबाद थाना भेज दिया।
टोटो ड्राइवर ने लगाए गंभीर आरोप:
टोटो ड्राइवर अनुज कुमार ने ऑटो चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह भूली से दो सवारी लेकर एसएनएमएमसीएच जा रहे थे कि तभी श्रमिक चौक के पास एक स्थानीय ऑटो ड्राइवर ने सवारी को जबरन उतरवा लिया और उनके साथ मारपीट की। अनुज कुमार ने दावा किया कि वह दिव्यांग हैं और इसी का फायदा उठाकर उनकी पिटाई की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि टोटो में बैठी महिला सवारी ने भी इस घटना की पुष्टि की। अनुज ने मामले में पुलिस से न्याय की मांग की है।
ऑटो चालक ने आरोप नकारे:
वहीं ऑटो ड्राइवर ने खुद पर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनके अनुसार केवल सवारी को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी लेकिन मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई।
पुलिस कर रही मामले की जांच:
पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद सिर्फ सवारी को लेकर था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी शामिल है। ट्रैफिक विभाग ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टः अनिल पांडे
Highlights


