नवादा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में नवादा जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधौल स्थित नवनिर्मित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के परिसर पहुंचे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधौल स्थित नवनिर्मित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के परिसर पहुंचे। इस दौरान गृह रक्षा वाहिनी ने उन्हें सलामी दी। मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान वहां उपस्थित अधिकारियों से नवादा जिले में कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इस क्रम में नवादा जिले के बहुद्देश्यीय प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य, गोविंदपुर से दर्शन नाला (एसएच-103) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत पाचू बिगहा एवं आदमपुर गांव के बीच तिलैया नदी पर निर्माण कार्य, रजौली प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रजौली पश्चिम में रजौली-शिवाला से रजौली-डीह को जोड़ने हेतु धनार्जय नदी पर निर्माण कार्य, नवादा शहर में सिटी सर्विलांस हेतु नियंत्रण कक्ष की स्थापना, नगर पंचायत रजौली में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का निर्माण, नगर परिषद् के 44 वार्डों के आवासीत घरों के लिए जल आपूर्ति कार्य, पकरीबरावां अंचल के कचना मौजा में ग्रिड सब स्टेशन के निर्माण कार्य के संबंध में व एनएच-31 के 91 किमी आदिलगंज एसएच-108 (सकरी नदी तक) बाईपास सह रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण कार्य की जानकारी ली।


मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया
मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके पश्चात् बुधौल ग्राम स्थित कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर नवादा जिले के लिए 55 करोड़ रुपए की लागत से 37 योजनाओं का उद्घाटन एवं 244 करोड़ रुपए की लागत से 21 योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने वहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के उत्पादों एवं कार्यों को देखा और उसकी सराहना की। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए।


मुख्यमंत्री ने 13,241 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 226 करोड़ का सांकेतिक चेक प्रदान किया
मुख्यमंत्री ने 13,241 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 226 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और वृद्धजन पेंशन योजना के लाभार्थियों सहित अन्य योजनाओं के लाभुकों से संवाद किया। सभी ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, श्रम संसाधन विभाग और उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग अच्छे से काम करिए। बिहार को मिल-जुलकर आगे बढ़ाइए।


मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान नवादा जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान नवादा के आईटीआई मैदान में नवादा जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा- प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 योजना के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, उसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।

CM नीतीश के साथ डिप्टी सीएम, कई मंत्री व कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सह नवादा जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मगध प्रमंडल की आयुक्त सफीना एएम, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश और नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई जिले को दी 914 करोड़ की योजनाओं की सौगात, 189 योजनाओं का किया शिलान्यास


