निरसा (धनबाद) : बिजली बिल बकाया होने के कारण डीवीसी ने चिरकुंडा शहरी जलापूर्ति योजना का बिजली कनेक्शन काट दिया. बिजली कनेक्शन काट दिये जाने से पूरे नप क्षेत्र में जलापूर्ति ठप हो गया है. दीपावली व छठ पर्व से पूर्व जलापूर्ति ठप होने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है.
जानकारी के अनुसार मैथन डैम से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक जो पानी आता है उसका बिजली कनेक्शन डीवीसी द्वारा दिया जाता है. जिसका प्रतिमाह औसतन दो लाख रुपए बिजली बिल है. लगभग 20 लाख रुपए बिजली बिल बकाया है. बिजली काटे जाने के बाद से नगर परिषद के द्वारा पुनः बिजली कनेक्शन चालू किये जाने को लेकर कार्यालय स्तर पर प्रयास किया जा रहा है. नगर परिषद के अधिकारी ने मैथन डीवीसी अधिकारी से संपर्क साधा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है. उसके बाद नप के ईओ अरुण कुमार भारती व सिटी मैनेजर मुकेश निरंजन ने डीवीसी के कोलकाता स्थित कार्यालय में कॉमर्शियल विभाग में संपर्क साधा है.
विदित हो कि जलापूर्ति की समस्या को लेकर ही पार्षद एकता मंच ने 30 अक्टूबर को धरना देने की बात कही थी. उसी आलोक में ईओ के साथ पार्षदों के बैठक में ईओ ने आश्वस्त किया था कि क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से पानी मिलेगा, लेकिन डीवीसी द्वारा बिजली काट दिए जाने के कारण जलापूर्ति ठप हो गया है.
सिटी मैनेजर मुकेश निरंजन ने बताया कि डीवीसी के मैथन से लेकर कोलकाता कार्यालय तक गंभीरता पूर्वक प्रयास किया जा रहा है. कॉमर्शियल विभाग को मेल के माध्यम से सूचित किया गया है कि 13 नवंबर तक बकाया भुगतान कर दिया जाएगा. संभावना है कि जल्द ही डीवीसी द्वारा बिजली चालू कर दिया जाएगा.
रिपोर्ट : संदीप कुमार शर्मा
गर्मी बढ़ते ही कोयलांचल में बढ़ी बिजली की समस्या, जीएम से मिले विधायक राज सिन्हा




