
रांची: राजधानी रांची का अधिकतम तापमान शुक्रवार को 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। यह जनवरी और फरवरी माह का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 17 फरवरी 2025 को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, सरायकेला में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले महीनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है।
आने वाले दिनों में झारखंड का मौसम
मार्च में रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में बादल छाए रहने की संभावना है। उत्तरी झारखंड में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर: झारखंड में तीन दिन बाद पड़ेगा प्रभाव
राजस्थान में लो प्रेशर सिस्टम बनने से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा, जिससे उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी हुई। दिल्ली में भी शाम के समय बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन इलाकों से ठंडी हवा चलने के कारण तीन दिनों बाद झारखंड में भी इसका असर पड़ सकता है।
Highlights




