रांची: साइबर अपराधियों ने महिला को आर्मी स्कूल का कर्मी बताते हुए नृत्य कार्यक्रम आयोजन करवाने के नाम पर 1.17 लाख रुपए की ठगी कर ली।
इस संबंध में हिनू वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में रहने वाली सुनीता उरांव ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद और एक अज्ञात पर डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिन पर नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है, उनमें तेज सिंह, साजिद हुसैन, अविनाश कुमार और सतीश कुमार शामिल हैं। ये वो लोग हैं, जिनके एकाउंट में पैसे गए।
सुनीता उरांव ने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी को उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह आर्मी स्कूल से सतीश कुमार बोल रहा है।
उसने सुनीता उरांव को वाट्सएप कॉल किया था। उसने सुनीता से कहा कि उसे नृत्य कार्यक्रम करवाना है।
साइबर अपराधी ने सुनीता उरांव से कहा कि अभी मैं आपको नृत्य कार्यक्रम का आधा पैसा दूंगा। यह कह उसने उन्हें झांसे में ले लिया।
फिर उसने जी-पे पर 10 रुपए भेजा और कहा कि चेक कर बताएं कि उन्हें पैसा मिला कि नहीं। जब सुनीता उरांव ने उससे कहा कि पैसा आ गया है। तो उसने सुनीता को झांसे में लेकर उनका जी-पे खुलवाया, फिर कहा कि मैं जैसा कहता हूं, वैसा करें।
उसने जैसा-जैसा कहा, सुनीता वैसा ही करती चली गई। उसने पहले 50 हजार, फिर 49 हजार फिर 7 हजार रुपए निकाल लिए। एकाउंट से पैसे निकालने के बाद उसने सुनीता को कहा कि लगता है, उनके खाते में पैसा वापस नहीं जा रहा है।
इसके बाद उसने एक और एकाउंट नंबर उनसे मांगा। सुनीता ने अपने पार्टनर का भी नंबर उसे दे दिया। उस एकाउंट से भी उसने 11 हजार रुपए निकाल लिए।
इसके बाद सुनीता उरांव ने उन सभी एकाउंट होल्डर, वाट्सएप कॉल नंबर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।






