रांची: झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले में गिरफ्तार वरिष्ठ IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे की तबीयत गुरुवार देर शाम बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें रिम्स (राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान) में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद शुक्रवार को उन्हें किडनी से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए रिम्स के नेफ्रोलॉजी विभाग में शिफ्ट किया गया।
सूत्रों के अनुसार, आईएएस चौबे को पहले पेइंग वार्ड में रखा गया था, जहां उनकी स्वास्थ्य स्थिति को गंभीर मानते हुए मेडिकल टीम ने तत्काल ब्लड और यूरिन सैंपल की जांच करवाई। शुक्रवार सुबह प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, चौबे को किडनी संबंधी समस्या है और उनका ब्लड प्रेशर भी उच्च पाया गया है।
अब उन्हें नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. प्रज्ञापन की देखरेख में रखा गया है। बताया जा रहा है कि यदि स्थिति नियंत्रित रही तो उन्हें पेइंग वार्ड में ही इलाज के लिए रखा जाएगा, अन्यथा स्थिति गंभीर होने पर अन्य अस्पताल में रेफर किया जा सकता है।
रिम्स परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मरियातू थाना की टीम, सैप के जवान और तकनीकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पेइंग वार्ड को चारों ओर से घेर लिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
सूत्रों ने यह भी बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे विनय चौबे की पत्नी खाना लेकर रिम्स पहुंचीं थीं, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें मिलने नहीं दिया गया।
फिलहाल कुछ जांच रिपोर्ट्स आ चुकी हैं जबकि कुछ महत्वपूर्ण रिपोर्ट्स का इंतजार है। डॉक्टरों का कहना है कि आने वाली रिपोर्ट्स के आधार पर ही यह निर्णय लिया जाएगा कि इलाज रिम्स में ही संभव है या चौबे को बाहर रेफर करना पड़ेगा।







