रांची : रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के बाहर जिला प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दिया है. विभिन्न संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की घोषणा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. सीएम आवास के आसपास 5 या 5 से अधिक लोगों के जुटने पर पाबंदी लगा दी गई है.
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के अलावा एकलव्य आवासीय विद्यालय के विरोध करने वाले संगठन ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा की है. पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. रातू सीओ और हेहल सीओ समेत जिला प्रशासन के लोग मुख्यमंत्री आवास के पास मौजूद हैं.
गौरतलब है कि, जेपीएससी अभ्यर्थियों ने भी 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम रखा है. अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर 15 दिसंबर से पहले पीटी परीक्षा रद्द हो जाती है तो घेराव कार्यक्रम स्थगित किया जा सकता है. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो सीएम आवास का घेराव हर हाल में किया जायेगा. जेपीएससी अभ्यर्थियों के मुताबिक वे लोग इसकी तैयारी में जुट गए हैं और पूरे राज्य से छात्रों को आने का संदेश भेजा जा रहा है. ऐसे में जिला प्रशासन ने अभी से ही धारा 144 लागू कर दिया है. बता दें कि जेपीएससी पीटी परीक्षा के परिणाम आने के बाद से ही जेपीएससी अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं.
रिपोर्ट : शाहनवाज







