नवादा : नवादा में शराब के कारोबार की शिकायत मिलने के बाद गांव में छापेमारी करने गयी पुलिस पर शराब माफिया ने हमला कर दिया गया. गांव के लोगों ने पुलिस टीम को घेर कर उन पर हमला किया. घटना में थानेदार समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं. पुलिस का कहना है कि उसने शराब का कारोबार करने वाले को पकड़ लिया था लेकिन स्थानीय लोग उसे छुड़ा ले गये.
बिजली गुल कर पुलिस को पीटा
घटना नवादा जिले के गोविंदपुर थाने के लखपत बिगहा गांव की है. गोविंदपुर थाने के थानेदार नरेंद्र प्रसाद के साथ पुलिस की टीम शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने गांव में पहुंची थी. पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान ही हमला कर दिया गया. गोविंदपुर थाने की पुलिस ने बताया कि उसे खबर मिली थी कि लखपत बिगहा गांव में शराब का कारोबार हो रहा है. बुधन यादव नाम का शराब कारोबारी वहां भट्ठी चला रहा है. इसके बाद पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी. छापेमारी के दौरान ही गांव की बिजली गुल कर दिया. पुलिस को आशंका है कि शराब कारोबारियों ने ही बिजली काट दी थी जिसके बाद अंधेरा हो गया. अंधेरे में गांव के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
पुलिस पर की पत्थरबाजी
घटना के दौरान पुलिस की टीम पर पत्थरबाजी की गयी. जिसमें थानेदार नरेंद्र प्रसाद और 5 अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस के मुताबिक पुलिस पर हमला करने में महिलाएं भी शामिल थी. कई महिलायें भी ईंट पत्थर चला रही थी.
पहले भी जेल जा चुका है शराब माफिया
गोविंदपुर थानेदार के मुताबिक आरोपी बुधन यादव औऱ उसका पिता रामवृक्ष यादव पुराना शराब कारोबारी है. रामवृक्ष यादव पहले भी शराब के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस ने गांव में कई शराब भट्ठी को ध्वस्त किया है. गांव में बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची हुई है और छापेमारी कर रही है.
रिपोर्ट : अनिल शर्मा
Highlights


