Giridih School Violence Case: PT Teacher के थप्पड़ से फटा छात्र का कान का पर्दा, FIR दर्ज

Giridih School Violence Case : गिरिडीह के हरसिंगरायडीह स्थित निजी स्कूल में कक्षा 8 के छात्र को पीटी शिक्षक ने थप्पड़ मारा, कान का पर्दा फटा। तीन पर FIR दर्ज, जांच शुरू।


Giridih School Violence Case गिरिडीह:  गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित हरसिंगरायडीह के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 के छात्र के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पीटी शिक्षक ने छात्र को इतना जोरदार थप्पड़ मारा कि उसके दाहिने कान का पर्दा फट गया और सुनने की क्षमता में करीब 30 प्रतिशत की कमी आ गई। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Giridih School Violence Case:असेंबली के दौरान थप्पड़, कान का पर्दा फटने का आरोप

पचम्बा थाना क्षेत्र के कोयरीटोला निवासी दिलीप कुमार ने मुफ्फसिल थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र 14 फरवरी की सुबह स्कूल की प्रार्थना सभा में शामिल हुआ था। आरोप है कि बाल छोटे होने के बावजूद उसे बड़ा बताकर टोका गया। इसके बाद प्राचार्या सोनी तिवारी के निर्देश पर शिक्षक अली राजा ने पीछे से आकर छात्र के दाहिने कान पर जोरदार थप्पड़ मार दिया।

परिजनों के अनुसार घर लौटने के बाद बच्चे ने कान में तेज दर्द और सुनने में परेशानी की शिकायत की। उसे सदर अस्पताल और बाद में मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच में दाहिने कान का पर्दा फटा पाया गया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार सुनने की क्षमता में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।


Key Highlights

  1. गिरिडीह के निजी स्कूल में कक्षा 8 के छात्र को पीटी शिक्षक ने मारा थप्पड़

  2. मेडिकल जांच में दाहिने कान का पर्दा फटने की पुष्टि

  3. सुनने की क्षमता में करीब 30 प्रतिशत कमी का दावा

  4. शिक्षक, प्राचार्या और चेयरमेन के खिलाफ FIR दर्ज

  5. शिक्षक निलंबित, इलाज का खर्च उठाने का दावा


Giridih School Violence Case:पिता की शिकायत पर तीन के खिलाफ FIR

दिलीप कुमार ने शिक्षक अली राजा, प्राचार्या सोनी तिवारी और स्कूल के चेयरमेन बलजीत सिंह सलूजा को आरोपित करते हुए लिखित शिकायत दी। उनका आरोप है कि मामले की जानकारी देने पर चेयरमेन ने बच्चे को स्कूल से निष्कासित करने की धमकी दी।

मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

Giridih School Violence Case:स्कूल प्रबंधन का पक्ष, शिक्षक सस्पेंड

आरोपी शिक्षक अली राजा ने कहा कि घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक असेंबली के बाद छात्र पूरे दिन स्कूल में रहा और किसी दर्द की शिकायत नहीं की।

प्राचार्या सोनी तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है और अभिभावक को स्कूल बुलाया गया है। वहीं स्कूल के निदेशक बलजीत सिंह सलूजा ने कहा कि आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और पीड़ित छात्र के इलाज का पूरा खर्च स्कूल वहन करेगा।

Giridih School Violence Case:अभिभावक संघ ने की सख्त कार्रवाई की मांग

अभिभावक संघ के संरक्षक सह अधिवक्ता शिवेंद्र सिन्हा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि स्कूल परिसर में किसी भी बच्चे की पिटाई दंडनीय अपराध है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Jamshedpur Football Meet: महिला फुटबॉल को नई उड़ान देने की तैयारी,...

Jamshedpur Football Meet: इंडियन विमेंस फुटबॉल फेडरेशन, नई दिल्ली की सालाना आम बैठक (AGM) जमशेदपुर में आयोजित की गई। इस बैठक में देश भर...

Bihar Mahila Rojgar Yojana: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बदली जिंदगी,...

Bihar Mahila Rojgar Yojana: बिहार में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जीविका स्वयं सहायता समूहों और मुख्यमंत्री महिला रोजगार...

Bihar Vidya Sathi App: 3 लाख छात्रों को 24×7 मिलेगा ऑनलाइन...

Bihar Vidya Sathi App: बिहार के विद्यार्थियों को 24 घंटे ऑनलाइन शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप की शुरुआत की गई...