झरिया : मां रक्षा काली धाम में मंगलवार 19 सितंबर की शाम से 98 वा मां रक्षा काली पूजा का आयोजन हुआ। शाम से शुरू हुई पूजा पूरी रात चली। भीड़ का यह आलम था कि रक्षा काली धाम से लेकर बालू गद्दा व सब्जी बागान तक जाम रहा। चारों ओर मां काली की जयकार ही गूंज रही थी।
मां के दरबार में बीसीसीएल सीएमडी समीरण दत्ता, झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, भाजपा नेत्री रागनी सिंह समेत बीसीसीएल के कई अधिकारी व जिला के कई गणमान्य लोगों ने माँ काली की पूजा अर्चना की। पूजा के पूर्व नव दुर्गा मंदिर में वेदी स्थापना हुई। सुबह में भक्त सर पर कलश ले मां की पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। शाम को सूर्यास्त के बाद विधि- विधान से पूजा शुरू हुई।
रात बारह बजे के बाद मां को बलि अर्पित करने का कार्य शुरू हुआ। अन्य प्रांतों से भी अनेक श्रद्धालु लोदना पहुंचे। मंदिर प्रांगण के बाहर भव्य मेला भी लगा, जो पूरी रात चला। अनिल भट्टाचार्य ने पूजा करायी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिये लोदना ओपी प्रभारी संजीव कुमार सिंह अपने दल बल के साथ मुस्तेद रहे। माँ काली की पूजा के बाद बच्चों ने अभिभावकों के साथ जाकर मेले का भी लुत्फ उठाया।
सौंदर्य प्रसाधन की सामग्री की दुकानों में महिलाओं का तांता लगा रहा। बच्चों में झूला झुलने की ललक देखी गई। यह पूजा पूरे देश में साम्प्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल बन चुकी है। इसमें सभी धर्माें के लोग हिस्सा लेते है। मेला के आयोजन में मुख्य रूप से कमेटी के महामंत्री रामचन्द्र पासवान, चन्द्रिका प्रसाद राय, शिवनंदन पासवान, राजन पासवान, बबलू पासवान, विद्यानंद सिंह, सत्येन्द्र सिंह थे।
अतिथियों में ललन चौबे, अवधबिहारी सिंह, शिवजी सिंह, इंटक नेता राजू झा, पीके झा, अल इमाम खान, सपन बनर्जी, अखिलेश पासवान, सुरेश गुप्ता, सुरेश पासवान, दिलीप पासवान, अर्जुन, आशीष, शिव पासवान, बीएच खान लिली, अजय पासवान, रुदल पासवान आदि मौजूद रहे। ऊपर धौड़ा प्राचीन काली मंदिर में मां रक्षा काली की पूजा भक्ति एवं श्रद्धा पूर्वक की गई। यहां भी मां काली को बलि समर्पित की गई।
