रांची: नई दिल्ली में 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की शासी परिषद की 10वीं बैठक आयोजित की जाएगी। इस अहम बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारी हिस्सा लेंगे।
बैठक का मुख्य एजेंडा “Promoting Entrepreneurship, Employment and Skilling – Leveraging the Demographic Dividend” रखा गया है। इसके अंतर्गत छह प्रमुख उप-विषयों पर चर्चा होगी—निर्माण क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, ग्रामीण गैर-कृषि क्षेत्र, शहरी क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा और परिपत्र अर्थव्यवस्था (Circular Economy)।
झारखंड सरकार के योजना एवं विकास विभाग ने राज्य के सभी संबंधित विभागों को इन उप-विषयों पर अपनी प्रगति, नवाचार और भविष्य की क्रियान्वयन योजनाओं की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस बैठक में ‘विकसित झारखंड’ के विजन डॉक्युमेंट का खाका भी पेश करेंगे, जिसमें राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति और भविष्य की योजनाओं का रोडमैप शामिल होगा।
बैठक में लिए गए निर्णयों से झारखंड समेत देश के विभिन्न राज्यों की नीतिगत दिशा और विकास की रणनीति को नया आधार मिल सकता है।







