बेलागंज की सभा में बोले नीतीश, 2005 से पहले विकास नाम की चीज नहीं, NDA ही कर रहा काम

गयाजी : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गयाजी जिले के बेलागंज स्थित पड़ाव मैदान में कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पितृपक्ष मेला-2025 की तैयारियों को देखने तथा प्रगति यात्रा की योजनाओं के स्थल भ्रमण एवं शिलान्यास के लिए गयाजी आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है। बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बहुत बुरा हाल था। जब 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी तब से हमलोग बिहार के विकास में लगे हुये हैं और राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है।

Goal 7 22Scope News

राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया। वर्तमान तक युवाओं को 10 लाख नौकरी एवं 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जाएगा। अब तय किया है कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी/रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में नई सरकार बनने के समय राज्य का बजट पहले से ही मात्र 28 हजार करोड़ रुपए था जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपए किया गया। यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब तीन लाख 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।

हाल ही में कुछ नए निर्णय लिए गए हैं – नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नए निर्णय लिए गए हैं। सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलनेवाली पेंशन की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया गया है। इससे एक करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गई। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर लगाए जाएंगे। हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी गई है जिसमें हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें दो लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। यह काम इसी सितंबर माह से शुरू हो जाएगा। बिहार में नए उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन एवं विशेष सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा- बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। जुलाई 2024 के बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गई। फरवरी, 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गई है। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया गया।

इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है – नीतीश

इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है। इन सब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। गयाजी जिले में विकास के कई कार्य किए गए हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज के नए भवन बनाए गए हैं। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गई है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गई है। गया जिले में कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, तीन अनुसूचित जाति आवासीय उच्च विद्यालय एवं एक अन्य पिछड़ा वर्ग आवासीय उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया है। गयाजी जिले में पुल एवं पथ निर्माण कराया गया है जिसमें पटना-गया राष्ट्रीय उच्च पथ व गया-राजगीर-बिहारशरीफ पथ का चार लेन चौड़ीकरण शामिल है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत गयाजी एवं बोधगया में गंगा नदी का पानी पहुंचा कर गंगा पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

यह भी देखें :

मुख्यमंत्री ने कहा- गयाजी एवं बोधगया में हर साल लाखों लोग आते हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी एवं बोधगया में हर साल लाखों लोग आते हैं। पहले यहां सुविधाएं बहुत कम थी। अब यहां सभी इंतजाम करा दिए गए हैं। गयाजी में फल्गू नदी में रबर डैम एवं सीता-सेतु का निर्माण कराया गया है। बोधगया में महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र एवं विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण कराया गया है। अब गया का नाम बदलकर गयाजी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में अनेक काम कराए गए हैं जिनमें बेलागंज प्रखंड में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया है। बेलागंज से बराबर पथ का निर्माण कराया गया है। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में 166 ग्रामीण सड़कों एवं चार पुल का निर्माण कराया गया है। यहां पर एक विद्युत उपकेंद्र एवं तीन कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है। बेलागंज प्रखंड में चार आहर-पईन का जीर्णोद्धार कराया गया है। बेलागंज प्रखंड में मोरहर नदी पर बांध का निर्माण कराया गया है। बेलागंज के कोटेश्वर धाम मंदिर में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास कराया गया है।

Nitish Belaganj 1 22Scope News

वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गई है

आपको बता दें कि वर्ष 2024 के दिसंबर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में मैंने प्रगति यात्रा के दौरान गया जिले में आकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए 13 योजनाओं की स्वीकृति दे दी गई है। इन योजनाओं में तीन सिंचाई, दो फ्लाई ओवर निर्माण, पांच पथ निर्माण, दो पार्क निर्माण, इमामगंज में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना शामिल है। आज इनमें से 10 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। हमने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है। चाहे हिन्दू हों, मुस्लिम हों, अपर कास्ट हों, पिछड़ा हों, अति पिछड़ा हों, दलित हों, महादलित हों सभी के लिए काम किया गया है। मुस्लिम समुदाय के लिए भी हमने काफी काम किया है। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई है एवं उनके शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जा रहा है। वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गई है। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा- बिहार का तेजी से विकास हो रहा है, आगे और ज्यादा काम होगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का तेजी से विकास हो रहा है, आगे और ज्यादा काम होगा। मेरा सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे घर-घर जाकर बिहार के विकास के बारे में लोगों को बतायें। कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनाव होंगे, इसलिए आप सभी पूरी तरह सक्रिय रहें। कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक मनोरमा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कार्यकर्तागण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने गयाजी जिले में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के 10 योजनाओं का किया शिलान्यास

आशीष कुमार की रिपोर्ट

Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

194,000FansLike
27,500FollowersFollow
628FollowersFollow
695,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img