Desk. अमेरिका में अवैध भारतीय प्रवासियों के निर्वासन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12-13 फरवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा करेंगे। वे वहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी ऐसे समय पर अमेरिका का दौरा कर रहे है, जब वहां अवैध भारतीय प्रवासियों का निर्वासन किया जा रहा है। 5 फरवरी को 104 भारतीय प्रवासी को अमेरिकी सैन्य विमान से डिपोर्ट किया गया है।
487 अवैध भारतीय प्रवासी और निर्वासित होंगे
वहीं 487 अवैध भारतीय प्रवासी को भी अमेरिका से निर्वासित किया जाएगा। इसकी जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मीडिया को देते हुए कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका के अधिकारियों ने वहां रह रहे अन्य 487 अवैध भारतीय प्रवासियों की पहचान की है, जिन्हें जल्द ही निर्वासित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें बताया गया है कि 487 भारतीय नागरिकों को निष्कासन के अंतिम आदेश दिए गए हैं।”
विदेश सचिव ने यह भी संकेत दिया कि अधिक विवरण सामने आने पर ये संख्या बढ़ सकती है, लेकिन अन्य व्यक्तियों के संबंध में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा अभी तक विशेष जानकारी प्रदान नहीं की गई है। सरकार ने वर्तमान में निर्वासन सूची में शामिल 487 प्रवासियों की पहचान सत्यापित कर ली है।
104 प्रवासी हो चुके डिपोर्ट
बता दें कि, अमेरिका में बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार्रवाई के बीच 13 बच्चों सहित 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर 5 फरवरी को एक अमेरिकी सैन्य विमान बुधवार को अमृतसर में पहुंचा। बताया जा रहा है कि ट्रंप की कार्रवाई के तहत भारतीय अवैध अप्रवासियों को अमेरिका से निर्वासित किया गया है।
वहीं निर्वासित लोगों, जिन्होंने अनधिकृत तरीकों से संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश करने का प्रयास किया था, उन्होंने दावा किया है कि पूरी यात्रा के दौरान उनके हाथ और पैर बंधे हुए थे और अमृतसर में उतरने के बाद ही उन्हें बंधन से मुक्त किया गया।