जमशेदपुर : लोहरदगा में हुई हिंसा की रघुवर दास ने की निंदा- झारखंड के
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने
लोहरदगा में रामनवमी मेले में हुई हिंसक घटना की कड़ी भर्त्सना की है.
उन्होंने कहा कि पिछले 2 सालों में लोहरदगा में बहुसंख्यक समाज को निशाना बनाये जाने की दूसरी घटना है.
इसके अलावा रांची समेत राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी बहुसंख्यक समाज को निशाना बनाया जा रहा है.
लेकिन सांप्रदायिक ताकतों के आगे हेमंत सरकार नतमस्तक है.
रघुवर दास ने डीजीपी से फोन पर बात कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
रामनवमी मेले में उपद्रवियों ने दुकान सहित कई वाहनों में लगा दी आग
लोहरदगा के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित रामनवमी मेले में हिंसा हुई है. उपद्रवी तत्वों ने मेले के दुकानों सहित कई वाहनों में आग लगा दी. लोहरदगा के ग्रामीण क्षेत्र में हीरही, हेंदलासो, कुजरा गांव के समीप लगने वाले मेले में हिंसा और आगजनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है. गांव में धारा 144 लगा दी गयी है.
राजधानी एक्सप्रेस पर भी फेंके पत्थर
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. रांची से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पर भी पत्थर फेंके गए. लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के हिरही गांव में शोभायात्रा पर पत्थर फेंकने की सूचना के बाद हिरही और उसके आसपास के गांवों में बवाल मच गया. उपद्रवियों ने दर्जनभर वाहन फूंक डाले.
लाखों रुपए का हुआ नुकसान
सदर थाना क्षेत्र के भोक्ता बगीचा में रामनवमी मेला में कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया. इसके बाद मेला स्थल पर 10 मोटरसाइकिल, तीन ठेले, एक टेंपो, चार साइकिल और मेले में लगी कई दुकानों में आग लगा दी. इस घटना में लाखों रुपए की क्षति हुई है. प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस लगातार स्थिति पर नज़र बनाये हुए हैं, और उपद्रव होने के कारण का पता भी लगा रही है. फिलहाल मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है.
रिपोर्ट: लाला जब़ी


