रामगढ़ में जेईई मेन-2 परीक्षा से पहले सिस्टम से छेड़छाड़ का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 70 मॉनिटर और SUV जब्त।
Ramgarh JEE Main Scam रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में जेईई मेन-2 परीक्षा से पहले बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। परीक्षा केंद्र में मॉनिटर बदलने और कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ करते तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से 70 मॉनिटर, एक एसयूवी (फॉर्च्यूनर) और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
Ramgarh JEE Main Scam: परीक्षा केंद्र में छेड़छाड़ का खुलासा
मामला रामगढ़ स्थित राधा गोविंद विश्वविद्यालय का है, जहां 2 अप्रैल को जेईई मेन-2 की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होनी है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव निर्मल कुमार मंडल ने रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया गया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी टीसीएस कंपनी को दी है। 29 मार्च को कुछ लोग टीसीएस का हवाला देकर बिना अनुमति कंप्यूटर लैब में घुसकर मॉनिटर बदलने और सीपीयू से छेड़छाड़ करने लगे।
Key Highlights
जेईई मेन-2 परीक्षा से पहले रामगढ़ में बड़ी साजिश का खुलासा
70 मॉनिटर, एक फॉर्च्यूनर SUV और तीन मोबाइल जब्त
3 आरोपी गिरफ्तार, 2 मौके से फरार
कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ कर रिजल्ट प्रभावित करने की योजना
पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा, जांच जारी
Ramgarh JEE Main Scam: शक होने पर पकड़े गए आरोपी, दो फरार
विश्वविद्यालय कर्मचारी उमेश कुमार साव की नजर इन गतिविधियों पर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक एसयूवी में मॉनिटर लोड किए गए हैं और लैब में सिस्टम बदले जा रहे हैं। पूछताछ में गाड़ी के पास मौजूद सूरज कुमार ने खुद को टीसीएस से जुड़ा बताया।
जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि की, तो ऐसी किसी अनुमति से इनकार किया गया। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन दो लोग मौके से फरार हो गए। वहीं दिनेश कुमार महतो, सूरज कुमार और शकिर अंसारी को पकड़ लिया गया।
Ramgarh JEE Main Scam: सेटिंग कर परीक्षा परिणाम प्रभावित करने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों की योजना परीक्षा में सेटिंग कर कुछ अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और इसके बदले पैसे वसूलने की थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान की छवि धूमिल करने और परीक्षा की निष्पक्षता पर हमला बताया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Highlights







