
रांची नगर निगम चुनाव 2026 में 4.45 लाख मतदान में से 62,330 वोट रद्द। मेयर और पार्षद पद पर भारी संख्या में Invalid Votes, विश्लेषण तेज।
Ranchi Municipal Election 2026 रांची: राजधानी में हुए रांची नगर निगम चुनाव 2026 में लोकतंत्र का उत्साह तो दिखा, लेकिन हजारों मतदाताओं की छोटी तकनीकी चूक निर्णायक साबित हुई। कुल 4,45,922 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें से 62,330 मत अमान्य घोषित कर दिये गये। यह कुल मतदान का 13.98 प्रतिशत है, जो चुनावी प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े करता है।
मेयर पद के लिए डाले गये 36,527 मत रद्द हुए, जबकि पार्षद पद के 25,803 मत अमान्य घोषित किये गये। राज्य भर के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में मिलाकर 1,95,000 से अधिक मत खारिज किये गये, जिससे यह मुद्दा पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
बैलेट पेपर की वापसी और बढ़ी तकनीकी त्रुटियां
नगर निकाय चुनाव में वर्ष 2013 के बाद 2026 में फिर से बैलेट पेपर से मतदान कराया गया। करीब 13 साल के अंतराल के बाद बैलेट प्रक्रिया अपनाने से कई मतदाता भ्रमित दिखे। सूत्रों का कहना है कि लंबे समय से ईवीएम से मतदान करने की आदत के कारण मतदाता बैलेट पेपर की बारीक प्रक्रिया भूल चुके हैं।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मत रद्द होने के प्रमुख कारणों में एक से अधिक प्रत्याशियों के सामने मुहर लगाना, निर्धारित बॉक्स के बाहर निशान बनाना और खाली मतपत्र डाल देना शामिल है। इन तकनीकी कारणों ने हजारों मतों को अमान्य बना दिया।
Key Highlights
रांची नगर निगम चुनाव 2026 में 4,45,922 मतदाताओं ने किया मतदान
कुल 62,330 मत अमान्य, जो 13.98 प्रतिशत है
मेयर पद के 36,527 और पार्षद पद के 25,803 वोट रद्द
राज्य भर में 1,95,000 से अधिक मत खारिज घोषित
वार्ड 22 में 904 और वार्ड 23 में 858 मत सबसे अधिक रद्द
कम अंतर की जीत में रद्द मत बने निर्णायक फैक्टर
कई वार्डों और पदों पर जीत हार का अंतर अपेक्षाकृत कम रहा। ऐसे में रद्द मतों की बड़ी संख्या राजनीतिक विश्लेषण का अहम आधार बन गयी है। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के बीच अब यह चर्चा तेज है कि यदि मतदाता जागरूकता और प्रशिक्षण पर अधिक ध्यान दिया जाता तो परिणामों में बदलाव संभव था।
विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में यदि बैलेट प्रणाली जारी रहती है तो मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देना आवश्यक होगा, अन्यथा अमान्य मतों का प्रतिशत लोकतांत्रिक प्रक्रिया की प्रभावशीलता को प्रभावित करता रहेगा।
वार्ड 22 और 23 में सर्वाधिक रद्द मत
रांची नगर निगम के वार्डवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड संख्या 22 सबसे आगे रहा। यहां कुल 904 मत रद्द हुए, जो सभी वार्डों में सर्वाधिक है। दूसरे स्थान पर वार्ड संख्या 23 रहा, जहां 858 मत अमान्य घोषित किये गये।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कुछ इलाकों में मतदाताओं के बीच बैलेट प्रक्रिया को लेकर भ्रम अधिक रहा, जिसका सीधा असर परिणामों पर पड़ा।
Highlights




