झरिया : रैयतों और स्थानीय लोगों ने मिलकर भौरा बीसीसीएल एरिया 11 में चल रहे देवप्रभा आउटसोर्सिंग 4 A पेच को बंद कर दिया. बंदी की खबर सुनकर भौरा ओपी जोरापोखर थाना और सीआईएसएफ के जवान भी मौके पर पहुंचे और बंदी कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन लोगो समझे नहीं. लोगों का कहना है कि जब तक बीसीसीएल और सरकारी अधिकारी मुआवजा नियोजन एवं सड़क की मांग को पूरा नही करते हैं तब तक हम लोग भौरा 4A पेच को बंद रखेंगे.
झरिया सीओ खबर पाकर मौके पर पहुंचे और बंदी कर रहे लोगों से घंटों बात की लेकिन रैयत ग्रामीण और स्थानीय लोग नहीं माने. स्थानीय लोगों ने झरिया सीओ को समस्या से रूबरू करवाया, सीओ ने भी मौके पर पहुंचे बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग के अधिकारियों को फटकार लगाई. रैयतों और स्थानीय लोगों ने झरिया सीओ से कहा कि जब तक हमारी मांगों को बीसीसीएल पूरा नहीं करता है तब तक भौरा 4A पेच पूरी तरह से बंद रखा जाएगा.
दरअसल बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनी ने मिलकर बिना मुआवजा और नियोजन के कोयला की खुदाई का काम चालू कर दिया है और इस खुदाई में सड़क की बलि भी चढ़ा दी जाती है. रैयत मुआवजा, नियोजन और सड़क की मांग को लेकर कई सालों से जद्दोजहद कर रहे हैं लेकिन अब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नही हुयी.
रिपोर्ट : अनिल मुंडा




