पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना के SSP मानवजीत सिंह ढिल्लो के बयान का समर्थन किया है.
उन्होंने कहा कि पटना एसएसपी ने जो कहा है, वह एकदम सच है.
तेजस्वी ने कहा कि हम लोगों तो पहले से ही कह रहे हैं कि
आरएसएस (RSS) देश को तोड़ने का काम कर रहा है.
पटना पुलिस को बधाई देनी चाहिए कि इतनी बड़ी घटना होने से उन्होंने रोका.
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब एसएसपी यह कह रहे हैं तो कुछ न कुछ है.
एसएसपी ने जो भी कहा है झूठ नहीं कहा है, क्योंकि कुछ तो है,
तभी पटना के एसएसपी ने ऐसा कहा है. वे पटना के हेड ऑफ पुलिस हैं.
हम लोग तो यह बात शुरू से कहते आ रहे हैं कि आरएसएस देश के लिए खतरा है और समाज में जहर बोने का काम कर रहा है.
बिहार में मचा सियासी बवाल
राज्य में बड़े आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद से पटना के एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो सुर्खियों में हैं. उनको लेकर सूबे में सियासी बवाल मचा हुआ है. दरअसल एसएसपी ढिल्लो ने आरएसएस की तुलना कट्टरपंथी संगठन पीएफआई से कर दी थी, जिसके बाद से बीजेपी ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वहीं दूसरे पार्टी इस बयान पर कुछ भी कहने से बच रही है. लेकिन तेजस्वी के एसएसपी का समर्थन देने वाले बयान के बाद राज्य की राजनीति पारा चढ़ने वाला है.
एसएसपी का बयान राजनीतिक नहीं प्रशासनिक मामला- उपेंद्र कुशवाहा
वहीं इस मामले पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह राजनीतिक मामला नहीं प्रशासनिक मामला है. हम किसी को सही या गलत नहीं कह सकते हैं. उनके सर्विस कोड में क्या सही क्या गलत यह जिनकी जवाबदेही है वे देखेंगे. सरकार सिस्टम से चलती है हर चीज पर ध्यान दिया जाता है. यदि कुछ गलत या सही होगा तो ऑथोरिटी देखेगी. बीजेपी द्वारा पटना एसएसपी पर कार्रवाई पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि एसएसपी की गलती है या नहीं ये प्रशासनिक मामला है. सर्विस कोड के आधार पर उनके अधिकारी तय करेंगे गलत है या सही है. सजा मिलनी चाहिए या नहीं या माफी मिलेगी सब संबंधित अधिकारी देखेंगे.
2009 बैच के IPS हैं मानवजीत सिंह ढिल्लो
बता दें कि पटना से पहले मानवजीत सिंह ढिल्लो तब चर्चाओं में थे जब उन्होंने वैशाली में एसपी रहते हुए लापरवाही बरतने वाले 3 डीएसपी समेत 66 पुलिसवालों पर एफआईआर दर्ज की थी. पंजाब के रहने वाले मानवजीत सिंह ढिल्लो 2009 के बिहार कैडर के आईपीएस हैं. पटना के एसएसपी बनने से पहले वो समस्तीपुर के एसपी थे. उससे पहले उनकी तैनाती मुंगेर में बतौर एसपी थी. साल 2020 में मुंगेर में मां दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए बवाल के बाद चुनाव आयोग ने मुंगेर के एसपी की तौर पर तैनात किया था. मुंगेर से पहले वो पटना में पुलिस अधीक्षक (विशेष कार्य बल) के पद पर तैनात थे.
रिपोर्ट: प्रणव राज
Highlights







