Bhagalpur– कोसी अपने नाम के अनुरुप अपना तांडव दिखलाने की शुरुआत कर चुका है. लोगों की तबाही शुरु हो चुकी है. गांव के गांव जलमग्न होने लगे हैं. पलायन की शुरुआत हो चुकी है.

इसकी शुरुआत नवगछिया के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी और उसके आस पास के गांवों में देखने को मिल रहा है. मात्र तीन दिनों के अन्दर दर्जनों घर कोसी की गोद में समा चुके हैं. गांव वालों को कटाव का खतरा लगातार मंडरा रहा है. कटाव के बढ़ते खतरे को देख कर ग्रामीणों के बीच दहशत कायम है.
बताया जा रहा है कि जहांगीरपुर और उस के निकटवर्ती गांव के ग्रामीण रात रात भर सो नहीं पा रहे हैं, किसी भी समय पानी बढ़ने का खतरा उनके सर पर मंडरा रहा है. इन गांवों से सैंकड़ों ग्रामीणों का पलायन हो चुका है.
इन्ही ग्रामीणों में से एक हैं हुस्न बेगम, साल भर पहले ही किसी तरह हुस्न बेगम ने अपना आशियाना खड़ा किया था. हुस्न बेगम और दूसरी महिलाओं के आंखों में आंसू है. ये महिलाएं अपने हाथों से अपना आशियाना तोड़ रही है, पुछने पर कहती है कि कुछ ईट बच गया तो एक बार फिर से अपना आशियाना खड़ा करने में मदद मिलेगी. इन महिलाओं का कहना है कि इस आफत के समय में प्रशासन का कोईभी अधिकारी या जनप्रतिनिधि हमारा हाल देखने नहीं आया. मुसीबत की इस घड़ी में हम अपना जंग खुद ही लड़ रहे हैं.
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप







