रांची:जेपीएससी की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया है। परीक्षा 22 से 24 जून 2024 के बीच आयोजित हुई थी, लेकिन लगभग 10 महीने बीत जाने के बावजूद नतीजे अब भी अधर में लटके हुए हैं।
इससे नाराज सैकड़ों अभ्यर्थी पिछले आठ दिनों से रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठे हैं। आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने आयोग पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए तत्काल परिणाम जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह आयोग की विफलता है कि वर्षों से भर्ती परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही हैं और अब परीक्षाओं के परिणाम भी लंबित रखे जा रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने जेपीएससी के साथ-साथ राज्य सरकार को भी आड़े हाथों लिया।एक अभ्यर्थी ने कहा, “पहले जल-जंगल-जमीन को लेकर आदिवासियों का शोषण होता था, अब यहां के छात्रों के हक और अधिकार छीने जा रहे हैं।”
आंदोलनकारियों ने यह भी मांग की है कि 11वीं से 13वीं मुख्य परीक्षा के अलावा CDPO और FSO जैसी अन्य लंबित भर्तियों के भी नतीजे जारी किए जाएं और आगे की परीक्षाओं का सालाना कैलेंडर घोषित किया जाए।
लगातार भूख हड़ताल के कारण एक अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। बावजूद इसके प्रदर्शन और तेज हो गया है। अभ्यर्थियों ने जेपीएससी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और अभ्यर्थियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “छात्र अपना हक मांग रहे हैं, भीख नहीं। अगर जेपीएससी और जेएसएससी समय पर नियुक्तियां नहीं कर पा रही हैं तो इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।”
जेपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति को तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन नतीजे जारी करने की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है। इससे अभ्यर्थियों की उम्मीदें एक बार फिर टूटती नजर आ रही हैं। ऐसे में आंदोलन और तेज होने के आसार हैं।







