पटना : उत्तराखंड में भूस्खलन से मरने वाले मजदूरों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुआवजे का एलान किया है. सीएम नीतीश कुमार ने भूस्खलन में मारे गए बिहार के मजदूरों के प्रत्येक परिवार को 2-2 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है. उत्तराखंड में भूस्खलन होने से बिहार के दस मजदूरों की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई थी.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में जो घटना हुई है वह बहुत ही दुखद है. उन्होंने कहा कि सीएम रिलीफ फंड के माध्यम से मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख प्रति परिवार दिया जायेगा. हादसे में मारे गए लोगों का शव बिहार लाया जाऐगा. सीएम ने कहा कि पहले ही दिन लोगों का शव आ चुका है. आज बांकी बचे और सात लोगों का शव बिहार आयेगा और उनके घरों तक शव को पहुंचाया जायेगा. सरकार इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देश में 100 करोड़ कोरोना टीकाकरण पर कहा कि बिहार में भी अबतक साढ़े छह करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है. हमलोग लोगों को प्रेरित कर रहे हैं कि सभी लोग जरुर कोरोना का टीका जरूर लगाए. उन्होंने कहा कि इसके बाद हमलोग इसको लेकर एक मीटिंग भी करेंगे. वहीं महागठबंधन टूटने के सवाल पर भी सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह महागठबंधन का अंदरूनी मामला है, हम लोग महागठबंधन वालों के मामलों पर ध्यान नहीं देते हैं.
बता दें कि उत्तराखंड में नैनीताल के रामगढ़ में हुए भूस्खलन के चलते मलबे के नीचे दबकर 10 बिहारी मजदूरों की मौत हो गई थी. ये सभी लोग पश्चिम चंपारण के रहने वाले थे. एनडीआरएफ ने तल्ला रामगढ़ के झुतिया गांव में घर के भीतर मलबे में दबे इन मजदूरों के शव गुरुवार की शाम को बरामद किए थे. ये सभी मजदूर एक स्थानीय लोक निर्माण विभाग ठेकेदार जगदीश पांडे के लिए काम करते थे.
मजदूरों से 8 घंटे काम ले सरकार, नहीं तो करेंगे प्रदर्शन- अर्नब चटर्जी


