झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव में 12 मार्च को मतदान। 25001 अधिवक्ता करेंगे वोट, 100 उम्मीदवार मैदान में।
Jharkhand State Bar Council Election 2026 रांची: में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। 12 मार्च को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक मतदान होगा। राज्य के 37 जिला एवं अनुमंडलीय बार एसोसिएशन में मतदान की व्यवस्था की गयी है। चुनाव के लिए लगभग 75 मतदान केंद्र बनाये जा रहे हैं। एक मतदाता कुल 23 पदों के लिए मतदान कर सकेंगे।
100 उम्मीदवार मैदान में, सात सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
चुनाव मैदान में कुल 100 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिनमें 75 पुरुष और 25 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्य पदों में 23 पदों पर चुनाव हो रहा है। इनमें 18 पुरुष और पांच महिला सदस्यों का चयन मतदान के माध्यम से किया जायेगा, जबकि महिला सदस्य के दो पद मनोनयन से भरे जायेंगे।
पहली बार महिला अधिवक्ताओं के लिए सात सीटें आरक्षित की गयी हैं। मतदाता सूची में राज्यभर के 25001 अधिवक्ता शामिल हैं।
Key Highlights:
12 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान।
37 बार एसोसिएशन में लगभग 75 मतदान केंद्र।
100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 25 महिला प्रत्याशी।
25001 अधिवक्ता डालेंगे वोट।
पहली बार महिलाओं के लिए सात सीटें आरक्षित।
कई वरिष्ठ अधिवक्ता चुनावी मैदान में
केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े कई अधिवक्ता भी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें एएसजीआई प्रशांत पल्लव, राज्य सरकार के अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद, वरीय स्थायी सलाहकार अशोक कुमार यादव, राजकीय अधिवक्ता मनोज कुमार और अधिवक्ता अवनीश रंजन मिश्र समेत कई नाम शामिल हैं।
बार काउंसिल चुनाव के चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब मतदान की तैयारियां जारी हैं। संबंधित बार एसोसिएशनों में मतदान की व्यवस्था की जा रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है। यदि अध्यक्ष स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं, तो उस स्थिति में सचिव पीठासीन पदाधिकारी की भूमिका निभायेंगे।
वर्तमान पदाधिकारी भी आजमा रहे भाग्य
इस बार चुनाव में वर्तमान काउंसिल के कई पदाधिकारी और सदस्य भी मैदान में हैं। इनमें वर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण, उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ल, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य प्रशांत कुमार सिंह तथा काउंसिल के अन्य सदस्य शामिल हैं।
चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच संपर्क अभियान तेज है और विभिन्न जिलों में बैठकों का दौर जारी है।
Highlights


