बेरमो (बोकारो) : बेरमो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत के रेहवा गांव में नकुल महतो की पत्नी 28 वर्षीय पिंकी देवी की पलाश के पेड़ से लटका हुआ शव मिला है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है.
घटना के बाद मृतिका के माता-पिता एवं उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतिका के पति नकुल महतो का कहना है कि वह सुबह करीब आठ बजे घर से निकली, हमलोगों ने काफी खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चला. उसके बाद ससुराल भी खोजने गये पर वहां भी नहीं मिली. ससुराल से वापस आने के बाद लगभग चार बजे घर के पीछे पहाड़ के जंगलों में खोजा गया तब उन्हें एक पलाश के पेड़ में साड़ी के सहारे झूलता हुआ शव मिला.
घटना के संबंध में पिंकी देवी के पिता मिश्र महतो ने बताया कि सुबह मेरे दामाद नकुल महतो मेरे घर नावाडीह आये थे तब हम घर में नहीं थे. मेरी पत्नी से मेरे दामाद नकुल महतो ने पूछा कि पिंकी यहां आयी है लेकिन वो यहां भी नहीं आयी थी. तब से ही हमें किसी अप्रिय घटना होने की आशंका होने लगी. उन्होंने कहा कि तीन दिन से पिंकी देवी का अनबन उनके सास औऱ पति से चल रहा था. शाम चार बजे उन्हें सूचना मिली की पिंकी की मृत्यु हो गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद चंद्रपुरा थाना प्रभारी दुलर चौड़े दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर डीवीसी अस्पताल के मर्चरी घर में रखवा दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा की यह हत्या है या आत्महत्या.
रिपोर्ट : मनोज कुमार


