केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख
अहमदनगर : महाराष्ट्र के अहमदनगर में आज एक बड़ा हादसा हुआ है.यहां अहमदनगर सिविल अस्पताल में आग लगने से
10 कोरोना मरीजों की मौत हो गई है.
वहीं, कई लोग गंभीर रुप से घायल हैं.
इस घटना की पुष्टि अहमदनगर के कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने की है.
बताया जा रहा है कि ये आग अस्पताल के कोरोना वार्ड में लगी थी.
हादसे के बाद सीएम उद्धव ठाकरे ने जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट सबमिट करने को कहा है.
सीएम ने लापरवाही करने वालों पर कड़ी करवाई के आदेश भी दिए हैं.
वहीं इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख व्यक्त किया है.
आग की तस्वीरें बेहद भयानक है.
अस्पताल से धुएं का गुबार निकलता हुआ दिखाई दे रहा है.
आग लगते ही अस्पताल में चीख पुकार मच गई.
जब कोरोना वार्ड में आग पहुंची तो वहां डरावना दृश्य था.
कई मरीज बेबस थे और भाग नहीं पा रहे थे.
इस आपा धापी में 10 मरीजों की मौत हो गई और 6 मरीज झुलस गए हैं.
आईसीयू में लगी आग
जानकारी मिल रही है कि मरने वाले सभी लोग कोरोना वायरस महामारी से संक्रमित थे.
ये आग सुबह करीब साढ़े 10 बजे अहमदनगर सिविल अस्पताल आईसीयू में लगी थी.
अहमदनगर सिविल अस्पताल आईसीयू वार्ड में आग लगने के वक्त 25 मरीज मौजूद थे, जिनमें से दस की मौत हो गई और 6 लोग जल गए.
मिली जानकारी के अनुसार ये आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है.
जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई- मंत्री नवाब मलिक
घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि अहमदनगर सिविल अस्पताल के आईसीयू यूनिट में आग लगने से 10 लोगों की मृत्यु हुई है.
हम जांच करेंगे कि अस्पताल का ‘फायर ऑडिट’ किया गया था की नहीं.
जो दोषी होंगे उनके खि़लाफ़ कार्रवाई होगी.
मृतक के परिजनों को सीएम आर्थिक मदद देंगे.
उन्होंने कहा कि ये घटना गंभीर है.
उन्होंने कहा कि अस्पतालों को स्पष्ट आदेश दिया गया था कि वे अपने यहां फायर सेफ्टी ऑडिट कराएं. अब ये जांच की जाएगी कि इस अस्पताल ने फायर सेफ्टी ऑडिट करवाई थी या नहीं.
अगर अहमदनगर सिविल अस्पताल ने ऑडिट नहीं करवाया तो ये गंभीर घटना है.
अमित शाह ने जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर शोक जाहिर करते हुए लिखा कि महाराष्ट्र के अहमदनगर सिविल अस्पताल में आग लगने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूं.
दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं व ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
Highlights


