रांची: लोकसभा चुनाव के पहले चारण में झारखंड के चार लोकसभा सीटों सिंहभूम,खूंटी,लोहरदगा व पलामू में चुनाव होने है चारो सीटों की तस्वीर पुरी तरह से साफ हो चुकी है। नाम वापसी के आखरी दिन सोमवार को पलामू के दो प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए।
वहीं जांच के दौरान कुल 18 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र गलत पाए गए। अब लोहरदगा में सबसे ज्यादा 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं सबसे कम सात उम्मीदवार खूंटी में चुनाव मैदान में डटे हैं। सिंहभूम में 14 और पलामू में 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
नाम वापसी के बाद सिंहभूम और खूंटी में जहां आमने-सामने की टक्कर है, लोहरदगा व पलामू में त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।
सिंहभूम में भाजपा की गीता कोड़ा और झामुमो की जोबा मांझी, खूंटी में भाजपा के अर्जुन मुंडा और कांग्रेस के कालीचरण सिंह मुंडा के बीच आमने-सामने का संघर्ष दिख रहा है।
लोहरदगा में भाजपा के समीर उरांव, कांग्रेस के सुखदेव भगत और झामुमो के बागी उम्मीदवार चमरा लिंडा के बीच मुकाबला है। इसी प्रकार पलामू में भी भाजपा के वीडी राम, राजद की ममता भुइयां और बसपा के कामेश्वर बैठा दो-दो हाथ कर रहे हैं।
इन चारों संसदीय क्षेत्रों में 13 मई को मतदान होना है। झारखंड के दूसरे चरण के लिए चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में 3 मई तक नामाकन होगा, जबकि तीसरे चरण के लिए जमशेदपुर, रांची, धनबाद और गिरिडीह में सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई।
इन चारों संसदीय क्षेत्रों में 6 मई तक नामांकन होना है। नामांकन पत्रों की जांच 7 मई को, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मई है।