रांची: राज्य सरकार ने बोकारो में मेडिकल कॉलेज व अस्पताल निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू की है. बोकारो में 500 बेड का अस्पताल व 100 सीट वाले मेडिकल कॉलेज निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा रही है. मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के निर्माण पर लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
वित्त विभाग ने संबंधित प्रस्ताव पर सहमति दे दी है. अब इसे कैबिनेट की स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जायेगा. कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही बोकारो मेडिकल कॉलेज व अस्पताल की योजना धरातल पर उतारने का काम आरंभ कर दिया जायेगा. झारखंड राज्य भवन निर्माण प्राधिकार के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जायेगा. बोकारो
में मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के लिए बोकारो स्टील प्रबंधन (बीएसएल) ने 25 एकड़ भूमि राज्य सरकार को उपलब्ध करायी है. राज्य सरकार ने उक्त भूमि पर 500 बेड वाला अस्पताल और 100 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज के निर्माण की योजना तैयार की है.
इसमें एकेडमिक ब्लॉक के अलावा ऑडिटोरियम, डॉक्टरों और पारा मेडिकल कर्मियों के आवास, छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग आवास, प्ले ग्राउंड, विद्यार्थियों व शिक्षकों के मनोरंजन के लिए मल्टी पर्पस हॉल व गेस्ट फैकल्टी के लिए अलग से कक्ष जैसी अन्य सुविधाएं होंगी.







