रांची: ईडी ने ग्रामीण कार्य विभाग के निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम की संपत्ति को अटैच कर दिया है। उनकी संपत्ति का कुल मूल्य 39 करोड़ 28 लाख 82 हजार 578 रूपए है। ईडी ने एक जनहित याचिका में हाई कोर्ट को इसकी जानकारी दी है। वीरेंद्र राम और उनके परिजनों की 8 अलग-अलग संपत्तियों को अटैच किया गया है।
इनमें फ्लैट, जमीन, बैंक बैलेंस, फिक्स्ड डिपॉजिट आदि शामिल हैं। इन संपत्तियों में वीरेंद्र राम की पत्नी राजकुमारी के नाम पर नई दिल्ली के साकेत स्थित 1.78 करोड़ मूल्य का फ्लैट फर्स्ट फ्लोर डी – 70 भी शामिल है। वर्तमान मार्केट मूल्य इसका 5 करोड़ रुपए है।
इसके अलावा, पत्नी राजकुमारी के नाम पर खरीदी गई थर्ड फ्लोर सी-334 डिफेंस कॉलोनी, न्यू दिल्ली में एक फ्लैट भी है, जिसकी कीमत 5 करोड़ है, जबकि वर्तमान मूल्य 11.30 करोड़ रुपए है। इसी तरह, वीरेंद्र राम के पिता गेंदा राम के नाम पर न्यू दिल्ली में 2 बीघा से ज्यादा की जमीन भी है, जिसकी कीमत दस्तावेज के आधार पर 4 करोड़ है, जबकि वास्तविक मूल्य 22.50 करोड़ है।
वीरेंद्र राम के साथ बैंक के जॉइंट अकाउंट आर्यन अंकुश के साथ बैंक बैलेंस 13 लाख 43 हजार रुपए है। राजकुमारी और आर्यन अंकुश के नाम पर बैंक में फिक्स डिपॉजिट के रूप में 14 लाख 40 हजार से अधिक की राशि भी है। वीरेंद्र राम के एक्सिस बैंक खाते में 8 लाख 10 हजार से अधिक की राशि है।
वीरेंद्र राम और राजकुमारी के नाम पर जमशेदपुर में एक संपत्ति भी है, जिसकी कीमत 12 लाख 57 हजार से अधिक है। इसका वास्तविक मूल्य एक करोड़ रुपए से भी ज्यादा है। इसके अलावा, वीरेंद्र राम के नाम पर मारवा, पिठौरिया, रांची की 10 डिसमिल जमीन भी है, जिसकी कीमत दस्तावेज के आधार पर 25 हजार है। वास्तविक मूल्य इसके बराबर 22 लाख रुपए है। इस तरह ईडी ने वीरेंद्र राम की संपत्ति को अटैच कर दिया है।

















