रांची: शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम रेस है। जान-बूझकर कचरा फैलानेवाले पर अब कार्रवाई होगी।
मेन रोड से लेकर गली-मुहल्लों में नाली व सड़क पर कूड़ा फेंकने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से इंफोर्समेंट टीम जुर्माना वसूलेगी।
इसके लिए सुबह से शाम तक टीम भ्रमण करेगी। ये बातें निगम प्रशासक शशि रंजन ने शनिवार को निगम सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कहीं।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में बेहतर रैंक लाने और शहर की सफाई व्यवस्था काे दुरुस्त करने को लेकर निगम पदाधिकारियों, जोनल-वार्ड सुपरवाइजरों व इंफोर्समेंट टीम के साथ बैठक करते हुए प्रशासक ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाना निगम की टीम के साथ आम लोगों की भी जिम्मेवारी है।
इसलिए गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार बड़े नालों के 15 मीटर की दूरी पर किसी तरह का निर्माण प्रतिबंधित है। इसके बावजूद काफी भवन नदी-नाले का अतिक्रमण कर बन गए हैं।
ऐसे भवना को चिन्हित करने के लिए टीम बनाई जा रही है। इसमें निगम के पदाधिकारी और अमीन रहेंगे। टीम के सदस्य प्रमुख नालों का सर्वे करके प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण करने वालों को नोटिस भेजा जाएगा।
इसके बाद संबंधित निर्माणकर्ता पर अवैध निर्माण का केस भी दर्ज किया जाएगा। प्रशासक ने निगम पदाधिकारियों को शहर की सफाई को लेकर विस्तृत योजना बनाकर कार्रवाई के लिए कहा।
यह भी कहा कि मुहल्लों में जगह-जगह कूड़ा फेंककर डंपिंग साइट बनाने की सूचना मिल रही है। इन्हें चिन्हित कर वहां से कूड़े का उठाव करें। बैठक में अपर प्रशासक कुंवर सिंह पाहन आदि थे।







