निगम में शुरू होगा कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर

349
निगम में शुरू होगा कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर
नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के लिए अब लोगों के पास कई विकल्प होंगे. कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर का निर्माण किया जायेगा.
Advertisment

रांची: नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के लिए अब लोगों के पास कई विकल्प होंगे. कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर का निर्माण किया जायेगा. इसे लेकर एप लांच किया जायेगा. इसके लिए वैसी एजेंसी का चयन होगा, जिनका बड़े शहरों में इस तरह का कार्य करने का अनुभव रहा है.
एजेंसी चयन के बाद इस प्रक्रिया को शुरू होने में एक माह का समय लग सकता है. अभी लोग कंट्रोल रूम में टेलीफोन से शिकायत दर्ज कराते हैं. लेकिन कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर के सक्रिय होने के बाद आम जन फोन से लेकर व्हाट्सएप और इमेल से भी समस्या दर्ज करा पायेंगे.
प्राप्त शिकायत कंट्रोल रूम से संबधित शाखा को भेजी जायेगी और उस पर क्या कार्रवाई हुई, उसकी जानकारी संबधित व्यक्ति तक पहुंचायी जायेगी. यहां न सिर्फ आम जन की समस्या दर्ज होगी, बल्कि निगम द्वारा आम जनों के लिए प्रदत्त सेवा या शुल्क देने में कोई समस्या आ रही है या फिर आम जन को कोई जानकारी चाहिए, तो उसे भी उपलब्ध कराया जायेगा.

Advertisment

जो कार्ययोजना तैयार की गयी है, उसके मुताबिक कनेक्ट सेंटर को लक्ष्य भी दिया जायेगा कि रोज कितने लोगों को फोन करना है. इस व्यवस्था के प्रभावी होने के बाद जन्म प्रमाण पत्र बनाने और होल्डिंग टैक्स जमा करने सहित अन्य चीजों के बारे में जानकारी लेने के लिए कार्यालय का चक्कर काटने की जरूरत नहीं होगी.

कई अध्ययन रांची नगर निगम के प्रशासक अमीत कुमार ने कहा कि जल्द ही यह प्रक्रिया प्रभावी होगी. इस कार्य के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया की जा रही है.
गुजरात के अहमदबाद में कंट्रोल रूम से कनेक्ट सेंटर काम कर रहा है और उसी तर्ज पर रांची नगर निगम में व्यवस्था प्रभावी करने का प्रयास किया जा रहा है. इसे लेकर कई शहरों का अध्ययन भी कराया गया है. जिससे एक ठोस योजना बनायी जा सके.

Advertisement