नालंदा : फोन से बात करने के लिए फटकार लगाए जाने व फोन छीन लेने पर एक विवाहिता ने जहर खा लिया। परिजन उसे ले जाकर एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान रविवार की रात उसकी मौत हो गई।
मामला लहेरी थाना क्षेत्र का है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गई। मृतका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के फैजाबाद मोहल्ला निवासी चंदन कुमार की 22 वर्षीया पत्नी स्वाति कुमारी थी।
चंदन कुमार ने बताया कि रविवार शाम में ढाई साल की बेटी रो रही थी और पत्नी मोबाइल पर बात करने में व्यस्त थी। जिस कारण मैंने मोबाइल छीनकर उसे फटकार लगा दी।
इसके बाद घर से निकल गया। कुछ देर के बाद लौटने पर पत्नी जमीन पर गिरी अचेत मिली। पता चला कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद वह उसे इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भर्ती कराए, जहां उसकी मौत हो गई।
लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि क्लिनिक कर्मियों से उन्हें मौत की खबर मिली। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मायके वालों ने लिखित शिकायत नहीं दी है।







