रांची: हेमंत सोरेन बड़गाई की जिस 8.46 एकड़ जमीन की गड़बड़ी मामले में जेल गये है अब ईडी उस जमीन को जब्ज करेगा। जांच एजेंसी ने इस जमीन को हड़पने से संबंधित साक्ष्य जुटा लिया है। अब इसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जांच एजेंसी को हेमंत के करीबी बिनोद सिंह के मोबाइल से कई साक्ष्य मिले थे। बिनोद ने उस जमीन पर बैंक्वेट हॉल बनाने का नक्शा तैयार किया था और उसे हेमंत सोरेन के मोबाइल पर भेजा था। इसके अलावा बड़गाई अंचल के तत्कालीन राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद ने भी उस जमीन की मापी करने और कागजात में छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की थी।
रिमांड के दौरान जांच एजेंसी बिनोद और भानु प्रताप को लेकर उस जमीन पर पहुंची थी। जहां पूछताछ में भानु ने बताया था कि यह जमीन बॉस की है।
वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद ही उसने कागजात में छेड़छाड़ की थी। गौरतलब है कि जमीन घोटाला मामले में ईडी ने अब तक करीब 20 एकड़ जमीन जब्त की है। इनमें बरियातू रोड स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़, पुगड़ में करीब 9 एकड़, सिरमटोली में दो एकड़, पुंदाग में करीब सात एकड़ जमीन शामिल है।
इसके अलावा निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के बरियातू स्थित पल्स हॉस्पिटल को भी जब्त कर लिया है। अब जांच एजेंसी बड़गाई की 8.46 एकड़ जमीन को जब्त करने की तैयारी में है।







