रांची: रांची के सिरम टोली-मेकॉन फ्लाईओवर के लिए रेलवे ने एक बार फिर से ट्रैक के ऊपर केबल स्टे ब्रिज निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक दिया है। यह ब्लॉक 7 जनवरी से 16 जनवरी तक रहेगा, जिसके दौरान पथ निर्माण विभाग के लिए काम पूरा करने का अवसर मिलेगा। 7 से 12 जनवरी तक यह ब्लॉक रोजाना 4 घंटे का होगा, जबकि 13 से 16 जनवरी तक यह ब्लॉक 2 घंटे का रहेगा।
इस काम के दौरान रेलवे ट्रैक के ऊपर केबल स्टे ब्रिज के तीन सेगमेंट को जोड़ा जाएगा, जिसके कारण निर्माण कार्य में तेजी आएगी। ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है।
हैदराबाद-पटना स्पेशल की मार्ग में परिवर्तन: ट्रेन संख्या 07255 हैदराबाद-पटना स्पेशल एक्सप्रेस 8 जनवरी को अपने निर्धारित मार्ग राउरकेला-रांची-कोटशिला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग राउरकेला-सिनी-चांडिल-मुरी-कोटशिला होकर चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस 11 जनवरी को कोटशिला-मुरी-रांची-राउरकेला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग कोटशिला-मुरी-चांडिल-सिनी-राउरकेला होकर चलेगी। इसी प्रकार, 7 जनवरी को ट्रेन संख्या 07055 रक्सौल-सिकंदराबाद स्पेशल एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग कोटशिला-मुरी-रांची-राउरकेला के स्थान पर परिवर्तित मार्ग कोटशिला-मुरी-चांडिल-सिनी-राउरकेला होकर चलेगी।
संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस का राजगांगपुर स्टेशन पर ठहराव: यात्रियों की सुविधा के लिए रेल मंत्रालय ने संबलपुर-गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस को चक्रधरपुर मंडल के राजगांगपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव देने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 15027/15028 का राजगांगपुर में ठहराव अगले आदेश तक रहेगा। 4 जनवरी को ट्रेन संख्या 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस का राजगांगपुर स्टेशन पर आगमन 11:15 बजे और प्रस्थान 11:16 बजे होगा। वहीं, ट्रेन संख्या 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस 3 जनवरी को चलेगी, और 4 जनवरी को 11:29 बजे राजगांगपुर स्टेशन पर पहुंचेगी।
रेलवे के इस कदम से यात्रियों को सुविधा होगी, और साथ ही निर्माण कार्य भी तय समय सीमा में पूरा किया जा सकेगा।


















