डिजिटल डेस्क : दिल्ली में नए CM के रूप में शपथ से पहले मरघट वाले बाबा मंदिर पहुंचीं रेखा गुप्ता। दिल्ली में नए CM के रूप में शपथ से पहले भाजपा नेत्री रेखा गुप्ता मरघट वाले बाबा मंदिर पहुंचीं। यहां दर्शन के बाद वह रामलीला मैदान जाएंगी।
दोपहर 12.30 बजे वह CM पद की शपथ लेंगी। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के रेख दिल्ली की चौथी महिला CM बनेंगी। 50 साल की रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं CM होंगी।
दिल्ली में नए CM पद की रेस में कई नाम थे लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने आखिर में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई। बीते बुधवार को उन्हें दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। रामलीला मैदान में आज दोपहर उनका राजतिलक होगा।
रेखा गुप्ता के साथ 6 मंत्री भी लेंगे शपथ…
भाजपा दिल्ली में महिला चेहरा पेश करना चाहती है। वहीं रेखा गुप्ता की कैबिनेट में 6 मंत्री भी होंगे। इनकी लिस्ट भी सामने आ गई है। भाजपा ने दिल्ली की कैबिनेट में प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा समेत 6 लोगों के नाम हैं। भाजपा ने कैबिनेट में जाट, सिख, पंजाबी, दलित और पूर्वांचली नेताओं को शामिल करके जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की है।
CM के चयन के बाद दिल्ली की कैबिनेट भी सामने आ गई है। नए मंत्रिमंडल में प्रवेश वर्मा (जाट), मनजिंदर सिरसा (सिख), आशीष सूद (पंजाबी) और रविंदर इंद्रज सिंह (दलित) शामिल होंगे। पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व पंकज सिंह और कपिल मिश्रा करेंगे। रेखा गुप्ता के साथ कुल 6 मंत्री गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ लेने को तैयारी कर चुके हैं।
शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली की मनोनीत CM रेखा गुप्ता ने कहा कि –‘…यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर विश्वास करने के लिए मैं पीएम मोदी और भाजपा आलाकमान को धन्यवाद देती हूं। मैं अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी।
…मेरी पहली प्राथमिकता हमारी पार्टी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करना है और दूसरी प्राथमिकता यह है कि हमारे सभी 48 विधायक एक टाइम बाउंड के साथ काम करेंगे।
…मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी। पिछली भ्रष्ट सरकार को लोगों के एक-एक रुपये का हिसाब देना होगा।’

एकनजर में जानें दिल्ली के नए CM का ऐसे हुआ चयन…
भाजपा की विधायक दल की बैठक बीते बुधवार को दिल्ली कार्यालय में हुई। उसमें रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने उनका नाम प्रस्तावित किया। आशीष सूद समेत 9 विधायकों ने समर्थन किया।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला CM होंगी। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी CM रह चुकी हैं। भाजपा से वो दूसरी महिला CM होंगी। शपथ के बाद वह ममता बनर्जी के साथ देश की दूसरी महिला CM होंगी। भाजपा शासित राज्यों में वह अकेली महिला CM होंगी। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं।
इससे पहले वह तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर ABVP से शुरू किया था। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इससे पहले भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुई। शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी की गई है।
इसमें पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भाजपा के सहयोगी दल और विशेष अतिथि भी मौजूद रहेंगे। इनमें झुग्गी प्रधान, ऑटोरिक्शा और कैब चालक और गिग वर्कर शामिल हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आतिशी, कांग्रेस दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव और अन्य नेताओं को भी न्योता भेजा गया है।

सुर्खियों में छाई कांग्रेस नेत्री अलका लांबा संग रेखा गुप्ता की पुरानी तस्वीर
दिल्ली की नई बन रहीं CM रेखा गुप्ता की 30 साल पुरानी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर छाई हुई है और खूब सुर्खियां बटोर रही है। इस तस्वीर को कांग्रेस नेता अलका लांबा ने एक्स पर शेयर किया है। इस वायरल तस्वीर में दोनों नेता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के पदाधिकारियों के रूप में एक साथ शपथ लेते हुए दिखाई दे रही हैं।
अलका लांबा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा – ‘1995 की यह यादगार तस्वीर – जब मैंने और रेखा गुप्ता ने एक साथ शपथ ग्रहण की थी- मैंने nsui से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी और रेखा ने ABVP से महासचिव पद पर जीत हासिल की थी- रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएं। दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई और हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं की मां यमुना स्वच्छ होगी और बेटियां सुरक्षित।’
दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 30 साल पहले छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। शैक्षिक सत्र 1995-96 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) की अध्यक्ष के तौर पर भी उनकी नेतृत्व क्षमता काबिलेतारीफ थी। वह जमीनी स्तर पर काम करने में यकीन करती हैं। छात्र राजनीति में भी रेखा भाजपा की विचारधारा यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रही थी।
वर्तमान विधायक जितेंद्र महाजन रेखा के नेतृत्व में काम करेंगे। जब रेखा डूसू अध्यक्ष थीं, तब महाजन एबीवीपी में संगठन मंत्री थे। रेखा गुप्ता के सामने आज दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की एक बड़ी चुनौती है, लेकिन वह पर्यावरण को लेकर वह शुरू से ही संजीदा रही हैं। जब डूसू अध्यक्ष थीं, तो पौधारोपण को लेकर काम किया।

दौलतराम कॉलेज से छात्र राजनीति में प्रवेश कर दिल्ली की सीएम बनने तक के सफर में उन्होंने कई बार नाकामी देखी, हार का स्वाद चखा, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। भाजपा ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री घोषित किया है, उन्होंने नगर निगम में शिक्षा समिति की अध्यक्ष रहते हुए सभी को अपनी नेतृत्व क्षमता का अहसास कराया था।
तब रेखा गुप्ता उत्तरी नगर निगम की शिक्षा समिति की अध्यक्ष थीं और निगम आर्थिक रूप से काफी कमजोर था। उन्होंने अपनी सूझबूझ से स्कूलों में सुधार के लिए कई कदम उठाए थे। योजनाओं की घोषणा करने के साथ ही उन्हें लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यहां बात वर्ष 2012 की हो रही है, तब दिल्ली में तीन नगर निगम हुआ करते थे, जिसमें दक्षिणी नगर निगम आर्थिक रूप से संपन्न माना जाता था, जबकि उत्तरी नगर निगम काफी कमजोर। ऐसी स्थिति थी कि योजनाओं के लिए नेता और अधिकारी घोषणाएं करने से डरते थे।
उस दौरान नगर निगम में रेखा गुप्ता पार्षद थीं और उन्हें नगर निगम में शिक्षा समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने कम पैसों में बच्चों के भविष्य को लेकर व्यवस्थाएं कैसे बेहतर की जाएं और योजनाओं को लागू कैसे किया जाएं, इस पर काम करना शुरू किया। उन्होंने स्कूलों की दशा सुधारने का काम भी किया।
Highlights







