Hazaribagh: झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी के. राजू पहुंचे हजारीबाग, कार्यकर्ताओं के साथ की समीक्षा बैठक

200
Hazaribagh
Hazaribagh: झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी के. राजू पहुंचे हजारीबाग
Advertisment

Hazaribagh: झारखंड कांग्रेस के नए प्रभारी के. राजू ने आज हजारीबाग में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा और हजारीबाग लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार की समीक्षा की गई। इस दौरान पार्टी के प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं ने हार के संभावित कारणों पर चर्चा की और संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

Advertisment

Hazaribagh: अंबा प्रसाद ने अपनी हार के कारण बताए

बैठक में बड़कागांव विधानसभा सीट से हारने वाली पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने अपनी हार के कारणों को नए प्रभारी के सामने रखा तथा पार्टी में ही विश्वासघात के भी आरोप लगाए। वहीं मांडू के पूर्व विधायक जीपी पटेल, झारखंड के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी समीकरण और हार के कारणों पर चर्चा की। हजारीबाग सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मुन्ना सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए।

Hazaribagh: इस कारण कांग्रेस की हुई हार

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर संगठन की कमजोरियों, गुटबाजी, चुनाव प्रचार की कमियों और विपक्षी दलों की रणनीतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि किस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं में समन्वय की कमी और जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती न होने के कारण चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आ सके।

नए प्रभारी के. राजू ने सभी कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द ही बड़े बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों को उठाना होगा और संगठन को मजबूती देने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना होगा।

Hazaribagh: कांग्रेस प्रभारी ने दिए निर्देश

इस बैठक में क्षेत्र के कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को मनोबल बनाए रखने और अगले चुनावों के लिए अभी से तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन में सुधार के लिए जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूती से वापसी कर सके।

शशांक शेखर की रिपोर्ट

Advertisement