मुजफ्फरपुर : जिले में इंटर की छात्र ने महज इसलिए अपनी जान दे दी क्योंकि जन्मदिन मनाने के लिए उसे पैसे नहीं मिले. 18 साल के अमित के इस आत्महत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. मुजफ्फरपुर में देर शाम को एक इंटर के छात्र ने अपने घर में लगे पंखे में ही फंदा के लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जाता है कि नव वर्ष के दिन अपने जन्मदिन पर छात्र ने अपने पिता से 1000 रुपए की मांग की. पिता के द्वारा 1000 रुपए नहीं देने पर उसने आत्महत्या कर ली. इंटर के छात्र अमित की मौत से अब पूरा परिवार सकते में है वहीं रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना जिला के नगर थाना क्षेत्र के नई बाजार इलाके के तेली टोला का है. जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है. अमित अपना 18वां जन्मदिन अपने दोस्त के साथ मनाना चाहता था, लेकिन जब पिता ने इतने रुपए देने से मना कर दिया तो बेटे अमित ने अपनी जान दे डाली. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं मृतक अमित की मां ने बताया कि आज उसके बेटे का 18वां जन्मदिन था और वो अपने दोस्तों के साथ बर्थडे मनाना चाहता था.
पूरे मामले में नगर थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिली है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
रिपोर्ट : विशाल

















