गोपालगंज : पूरे देश सहित सूबे में कोरोना एवं उसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले पांव पसार रहे हैं. नए साल के जश्न प्रशासन के नाक के नीचे मनाई गई, सारे कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई गई. मामला जिले अंतर्गत बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली बाजार की है. जहां एक रेस्टोरेंट में नए साल के आगाज में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. रंगारंग कार्यक्रम में महामारी को नजरअंदाज करते हुए लोगों ने खूब नोट भी उड़ाए. कार्यक्रम में शामिल बार बालाओं के ऊपर नोटों की बारिश की गई. वहीं कार्यक्रम में शामिल लोगों के चेहरे पर ना मास्क थे ना हीं यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया. जबकि बैकुंठपुर थाने की दूरी महज दो सौ गज के आसपास ही है.
बावजूद इसके रेस्टोरेंट संचालक अपने कमाई के सामने नियम कानून को ताक पर रखकर लोगों को महामारी के आग में धकेलने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ा. बताया तो यह भी जा रहा है कि थाने के कई कर्मी भी महामारी का प्रवाह किये बिना इस रंगारंग कार्यक्रम का लुफ्त उठाते रहे.
बताते चलें कि दिघवा दुबौली बाजार स्थित अल्का रेस्टोरेंट में रंगारंग कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी कई दिनों से चल रही थी. रंगारंग कार्यक्रम में लोगों की इंट्री के लिए पांच सौ रुपये का टिकट कार्यक्रम से पूर्व ही रेस्टोरेंट संचालक के द्वारा बिक्री किया गया था. मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई से बचने के लिए रेस्टोरेंट संचालक के द्वारा स्थानीय प्रशासनिक महकमे में कुछ टिकट फ्री में भी दिया गया था. कुल मिलाकर यह कार्यक्रम प्रशासन व रेस्टोरेंट संचालक के मिली भगत से सम्पन्न हुआ.
रिपोर्ट : आशुतोष तिवारी

















