पटमदा मॉडल स्कूल में छात्राओं को 500 बार उठक-बैठक की सजा, तबीयत बिगड़ी; परिजनों ने जताया विरोध

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा स्थित मॉडल स्कूल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। सातवीं कक्षा की चार छात्राओं को सिर्फ इसलिए 500 बार उठक-बैठक की सजा दी गई, क्योंकि उन्होंने स्कूल की सफाई नहीं की थी।

बुधवार को हुई इस घटना में छात्राएं कल्पना दास, रासी दास, पल्लवी प्रमाणिक और नमिता बेसरा को स्कूल की प्रधान शिक्षिका स्नेहलता द्वारा यह कठोर दंड दिया गया। छात्राओं ने बताया कि 160 बार उठक-बैठक करने के बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। सांस फूलने लगी और पूरे शरीर में दर्द होने लगा।

छात्राओं ने सुनाई आपबीती

छात्राओं ने कहा कि जैसे-तैसे वे बुधवार को घर पहुंचीं। रातभर बेचैनी रही और गुरुवार सुबह तक नींद नहीं खुली। दर्द और थकावट के चलते नमिता स्कूल नहीं आ सकी, जबकि तीन अन्य किसी तरह स्कूल पहुंचीं।

अभिभावकों ने जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावक नित्यानंद दास, विजय कृष्ण प्रमाणिक और समीर तंतुबाई स्कूल पहुंचे और शिक्षिका से जवाब मांगा। शिक्षिका ने गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसा न दोहराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अभिभावक बच्चियों को लेकर माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचे और उनका प्राथमिक उपचार कराया।

घटना की जानकारी विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू को भी दी गई। उन्होंने फोन पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) प्रभाकर कुमार को मामले की गंभीरता से अवगत कराया। BEEO ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।

तीन दिन पहले भी सामने आई थी ऐसी घटना

गौरतलब है कि तीन दिन पहले पटमदा के ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में भी इसी तरह की घटना घटी थी, जहां 9 छात्राओं को 200 बार उठक-बैठक की सजा दी गई थी। तब 5 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरा रोष है। परिजनों का कहना है कि छात्राओं से शारीरिक दंड देकर स्कूल प्रशासन उनकी सेहत से खिलवाड़ कर रहा है।

अब देखने वाली बात यह है कि शिक्षा विभाग इस पर क्या सख्त कार्रवाई करता है।

Bihar Flood Alert Nepal Flash Flood: नेपाल में बाढ़ के बाद...

Bihar Flood Alert Nepal Flash Flood: नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की...

Giridih Raksha Bandhan Students SP DC: Giridih में छात्राओं ने SP...

Giridih Raksha Bandhan Students SP DC: रक्षाबंधन के अवसर पर गिरिडीह में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास...

Bokaro Bhu Mafia School Demolition: रातोंरात जमींदोज हुआ बिरसा मध्य विद्यालय!...

Bokaro Bhu Mafia School Demolition: झारखंड के बोकारो में सरकारी स्कूल का भवन तोड़े जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेक्टर-12...