
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बिहार पुलिस की तरफ से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। जानकारी मिल रही है कि सात महिला सिपाही और तीन पुरुष सिपाही समेत कुल 10 पुलिसकर्मी लापता हैं। 11 नवंबर को होने वाले मतदान पर अबतक योगदान नहीं दिया है। चुनावी ड्यूटी पर भेजे गए 10 पुलिसकर्मी अचानक लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इन सभी ने अब तक चुनाव में एक दिन का भी योगदान नहीं दिया है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने तुरंत रिपोर्ट तलब की है।

पुलिस मुख्यालय ने जारी किया पत्र
मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण (11 नवंबर) के मतदान के लिए पटना जिले से कुल 3,429 हवलदार और सिपाहियों को राज्य के विभिन्न जिलों में भेजा गया था। इनमें सीतामढ़ी के लिए 1,153, गया के लिए 577, शिवहर के लिए 49, भागलपुर के लिए 578, जमुई के लिए 308, अरवल के लिए 67 और नवादा के लिए 697 जवानों की तैनाती की गई थी। मुख्यालय ने बताया कि इनमें से सीतामढ़ी जिले में ड्यूटी पर लगाए गए 10 पुलिसकर्मी अब तक अपनी पोस्टिंग पर नहीं पहुंचे हैं।
ड्यूटी से गायब, कोई सूचना नहीं
पत्र में आगे कहा गया है कि सभी पुलिसकर्मियों को सात नवंबर से मतदान संपन्न होने तक के लिए नियुक्त किया गया था। लेकिन सीतामढ़ी जिले में तैनात ये 10 जवान न तो अपनी पोस्टिंग पर पहुंचे और न ही किसी तरह की सूचना दी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पटना में रिपोर्ट तो दी थी, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
लापता 10 पुलिसकर्मियों की सूची
वहीं लापता पुलिसकर्मियों में रविकांत निरज, संजय कुमार, अमित कुमार, नेहा कुमारी, नीलम कुमारी, सपना कुमारी, स्मिता कुमारी, निशा कुमारी, रुबी कुमारी और चित्रा चंद्रवंशी के नाम शामिल हैं। मुख्यालय ने सख्त कार्रवाई करते हुए कहा है कि इन सभी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए, और संबंधित लेखपाल को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव के बीच बढ़ी चिंता
आपको बता दें कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में पुलिसकर्मियों का इस तरह लापता होना प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। पुलिस विभाग ने इनकी तलाश शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि यदि अगले 24 घंटे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जा सकती है।
यह भी पढ़े : बिहार विधानसभा चुनाव : दूसरे चरण का शोर थमा, अंतिम दिन दिग्गज नेताओं ने झोंकी ताकत, 11 को वोटिंग
Highlights




