पैतृक गांव पहुंचा शहीद जवान का पार्थिव शरीर, सैन्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

रोहतास : राजस्थान के जैसलमेर में एक हादसे के दौरान गंभीर रूप से घायल जवान मथुरा प्रसाद गुप्ता का निधन हो गया। वे लगभग 35 वर्ष के थे और लगभग 14 वर्ष से सेना में अपनी सेवा दे रहे थे। मंगलवार की सुबह, जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के गांवों से काफी संख्या में लोग जमा हो गये और इस दौरान सभी की आंखें नम दिखाई दी। शहीद जवान मथुरा प्रसाद गुप्ता रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड अंतर्गत तिऊरा गांव के स्थाई निवासी थे।

अर्जुन टैंक रिपेयरिंग के दौरान हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते चार नवंबर को जवान मथुरा प्रसाद गुप्ता जैसलमेर स्थित मिलिट्री बेस कैंप में अर्जुन सैन्य टैंक का रिपेयरिंग कर रहे थे, तभी नाइट्रोजन गैस की टंकी फटने से वे बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें जैसलमेर के एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 22 नवंबर को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे में अन्य चार जवान भी घायल हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है।

Jawan Body 2 22Scope News

सैन्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

वहीं शहीद जवान का शव मंगलवार की सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचते हीं काफी संख्या में ग्रामीण अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंच गये। साथ हीं अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे और सभी ने भारत माता की जय, जब तक सूरज चांद रहेगा, मथुरा तेरा नाम रहेगा आदि नारों के साथ नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। डेहरी एसडीएम निलेश कुमार, डेहरी एएसपी अतुलेश झा, सांसद मनोज राम, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम एवं जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल अजय कुमार सिन्हा ने शहीद के परिवार को सांत्वना दी और उनके बलिदान को नमन किया। पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद जवान का अंतिम संस्कार किया गया।

पत्नी और 2 बेटों को अकेला छोड़ गए जवान

शहीद जवान की वर्ष 2013 में शादी हुई थी। वे अपने पीछे 29 वर्षीय पत्नी पूजा देवी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। 12 वर्षीय शुभम गुप्ता एवं नौ वर्षीय शौर्या गुप्ता के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे और पत्नी व मां का भी बुरा हाल था। गांव की महिलाओं को पूरे परिवार को संभालना मुश्किल हो रहा था। हालांकि इस दुखद घड़ी में मौजूद सभी लोग शहीद के बलिदान पर गर्व महसूस कर रहे थे।

Jawan Body 1 22Scope News

परिवार को दी गई 50 लाख की सहायता राशि

शहीद के अंतिम संस्कार में पहुंचे एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत शहादत होने पर पत्नी को 50 लाख रुपए की राशि आज दी गई है। इसके अलावा आर्मी की ओर से 75 लाख की इंश्योरेंस राशि और सैनिक कल्याण निदेशालय के तरफ से परिवार को मिलने वाली सभी सुविधाएं दी जाएंगी।

यह भी पढ़े : शहीद जवान के परिवार से मिलने के लिए निकले तेजस्वी, परिजनों को देंगे सहायता राशि

सलाउद्दीन की रिपोर्ट

PM Surya Ghar Yojana Bihar: छत पर सोलर पैनल लगवाकर उमा...

PM Surya Ghar Yojana Bihar: घर की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल में बचत करना अब कई परिवारों के लिए उपयोगी विकल्प...

Muzaffarpur Liquor Seizure: चिमनी भट्ठे के तहखाने में शराब का भंडार!...

Muzaffarpur Liquor Seizure: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की बरामदगी के मामले सामने आ रहे हैं। मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र...

Samrat Choudhary Tarapur Visit: महानवमी पर तारापुर के 11 दुर्गा मंदिरों...

Samrat Choudhary Tarapur Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महानवमी के अवसर पर मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों...