Deepak Prakash Statement: राज्यसभा के आज के सत्र में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है, जहां नक्सलवाद का अंत अब निकट है. उन्होंने सदन में कहा कि गृहमंत्री अमित शाह जी की निर्णायक नीति, कड़ी निगरानी और विकास आधारित दृष्टिकोण ने नक्सलवाद की जड़ों को अभूतपूर्व रूप से कमजोर कर दिया है.
Deepak Prakash Statement: नक्सलवाद आज अपने अंतिम चरण में
सदन में भाषण देते हुए दीपक प्रकाश ने कहा, ‘दशकों से देश की सुरक्षा, विकास और सामाजिक संरचना को प्रभावित करने वाला नक्सलवाद आज अपने अंतिम चरण में है. मोदी सरकार ने स्पष्ट रूप से संकल्प लिया है कि मार्च 2026 तक भारत पूर्णतः नक्सलवाद-मुक्त घोषित होगा, और राष्ट्र दृढ़ता से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है.’ अपनी बातों को आगे रखते हुए उन्होंने कहा, ‘बीते वर्षों में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या ऐतिहासिक रूप से कम हुई है.
सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी और आदिवासी क्षेत्रों में विकास योजनाओं की अभूतपूर्व प्रगति ने नक्सलवाद के आधार को कमजोर किया है. ‘विकास, विश्वास और सुरक्षा-तीनों मोर्चों पर मोदी सरकार ने जो काम किया है, उसने इस समस्या को जड़ से समाप्त करने का रास्ता साफ किया है.’
Deepak Prakash Statement: सांसद दीपक प्रकाश ने सदन में गिनाए कई उपलब्धियां
सांसद दीपक प्रकाश ने सदन में कहा, ‘नक्सलवाद का अंत केवल हिंसा का अंत नहीं, बल्कि उन लाखों आदिवासी भाइयों-बहनों की पीढ़ियों के लिए एक नए जीवन का आरंभ है, जो वर्षों से भय और पिछड़ेपन में जी रहे थे. आज वे मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं, नए अवसर पैदा हो रहे हैं, और विकास की रोशनी उन क्षेत्रों तक पहुंच रही है जहां राज्य की पहुंच दशकों तक नहीं थी.’
उन्होंने जोर देकर कहा, ‘यह ऐतिहासिक सफलता प्रधानमंत्री मोदी जी की मजबूत इच्छाशक्ति और गृहमंत्री अमित शाह जी की रणनीतिक दूरदृष्टि का परिणाम है. मोदी सरकार ने यह सिद्ध किया है कि जब राष्ट्रहित सर्वोपरि हो, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती.’ अंत में सांसद दीपक प्रकाश ने कहा, ‘मैं पूरे राष्ट्र की ओर से प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं. ‘नक्सल मुक्त भारत’ यह सिर्फ सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश की सामूहिक जीत का संकल्प है, जो मार्च 2026 तक अवश्य पूर्ण होगा.’
Highlights


