पटना : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना’ राज्य की युवतियों के लिए नए अवसरों का द्वार खोल रही है। इसी क्रम में उर्मिला इंटरनेशनल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (UISPL) ने बिहार की 86 युवतियों का चयन कर उन्हें टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, होसूर (तमिलनाडु) में इंटर्नशिप का मौका उपलब्ध कराया है। यह चयन न सिर्फ उनके करियर के लिए निर्णायक साबित होगा, बल्कि राज्य की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरक उदाहरण है। चयनित युवतियां बिहार के विभिन्न जिलों से आती हैं। कई युवतियां सीमित आर्थिक संसाधनों और गरीब परिवार की पृष्ठभूमि से संघर्ष करते हुए यहां तक पहुंची हैं। अब टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स में इन्हें मोबाइल असेंबलिंग, क्वालिटी चेक और अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना युवाओं को शिक्षा के आधार पर स्टाइपेंड उपलब्ध कराती है – UISPL
बिहार कौशल विकास मिशन के तहत कार्यरत यूआईएसपीएल के अनुसार, यह योजना युवाओं को शिक्षा के आधार पर स्टाइपेंड उपलब्ध कराती है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स में इंटर्नशिप करने वाली युवतियों को मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना से 11 हजार रुपए (मैट्रिक पास) और नौ हजार रुपए (इंटर पास) मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से 13,480 रुपए का अतिरिक्त स्टाइपेंड तथा 100 प्रतिशत उपस्थिति पर एक हजार रुपए बोनस भी दिया जाएगा। फूडिंग, लॉजिंग और ट्रैवल की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। यह सहयोग उन युवतियों के लिए विशेष मददगार है जो आर्थिक तंगी के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं।
कंपनी का कहा- योजना के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही आवेदनकर्ताओं की संख्या में भी तेजी आ रही है
कंपनी का कहना है कि योजना के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही आवेदनकर्ताओं की संख्या में भी तेजी आ रही है। जल्द ही फ्लिपकार्ट सहित अन्य बड़ी कंपनियां भी इससे जुड़ने जा रही हैं, जिससे बिहार के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए चयनित 86 युवतियों की यह उपलब्धि साबित करती है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर बिहार का युवा राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम है।
यह भी पढ़े : 75 MW मेगा सोलर प्रोजेक्ट : क्यों कहा जा रहा है कि जमुई बनेगा बिहार का ‘एनर्जी गेम-चेंजर’?
Highlights


