पकड़ौआ शादी का वीडियो वायरल, दुल्हन बोलीं – जीजा के डर से झूठ बोल रहा लड़का
खगड़िया : जिले में सोशल मीडिया पर पकड़ौआ विवाह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। बताया जा रहा है कि परबत्ता थाना क्षेत्र के डुमरिया खुर्द गांव के रहने वाले युवक मन्नयम कुमार को गाय खरीदने के बहाने सिराजपुर गांव बुलाया गया। आरोप है कि वहां तीन-चार युवकों ने हथियार के बल पर उसे जबरन पकड़ लिया और मारपीट करते हुए घर ले गए। आरोपों के अनुसार, इसके बाद युवक की जबरन शादी कुंदन कुमारी से करा दी गई।
पारंपरिक गीत के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी की पूरी रस्में कराई जा रही हैं। महिलाएं पारंपरिक गीत गाती नजर आ रही हैं और विवाह की सभी रस्में पूरी कराई जा रही हैं। जब युवक के परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक मन्नयम कुमार को लड़की के घर से वापस ले आई। इसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया।
लड़की ने सहमति से शादी की कही बात
इस पूरे मामले में लड़की कुंदन कुमारी का कहना है कि यह कोई पकड़ौआ शादी नहीं है। उनका दावा है कि दोनों की शादी आपसी रजामंदी से हुई है। कुंदन कुमारी के अनुसार, दोनों का पहले से मिलना-जुलना था और फोन पर भी लगातार बातचीत होती रहती थी। उनका कहना है कि थाने में दिया गया आवेदन गलत है। वहीं, युवक मन्नयम कुमार ने परबत्ता थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़े : Bihar विधानसभा में आज पेश होगा Budget, युवाओं और महिलाओं के लिए सरकार खोल सकती है खजाना!
राजीव कुमार की रिपोर्ट
Highlights


