मुख्यमंत्री ने कहा- बिहार में अपराधियों व घुसपैठियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, अररिया में जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल

अररिया : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज अररिया जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेते हुए कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन के कष्टों का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण कर रही है ताकि हर नागरिक को समय पर न्याय मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा- राज्य में अबतक 4 लाख 53 हजार 62 आवेदन प्राप्त हुए हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अबतक चार लाख 53 हजार 62 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से चार लाख 25 हजार 660 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। अररिया जिले में 7,130 आवेदनों में से 6,845 निष्पादन हो चुका है और 285 आवेदन लंबित हैं। हरिपुर पंचायत में प्राप्त 259 आवेदनों में से 245 का निष्पादन हो चुका है और 14 अवेदन लंबित हैं। बिहार में जो आवेदन प्राप्त हुए हैं उसमें से पहला नोटिस 12 हजार 869 को जबकि दूसरा नोटिस 340 को और तीसरा नोटिस 13 संबंधित पदाधिकारियों को भेजा गया है।

CM Araria 2 22Scope News

यह प्रशासन की जवाबदेही और तेज कार्यशैली का प्रमाण है – मुख्यमंत्री

उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की जवाबदेही और तेज कार्यशैली का प्रमाण है। हमने व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का निर्णय लिया है। जनता को कष्ट होगा, तो सरकार को भी कष्ट होगा। जनता की समस्या का समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्तर पर प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को पटना में जिन समस्याओं का निदान सहयोग शिविर के माध्यम से नहीं हो सका है या आवेदक को लगता है कि गलत आदेश जारी किया गया है, उसका समाधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा- मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने विकसित भारत का सपना देखा और पूर्व मुख्यमंत्री ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने विकसित भारत का सपना देखा और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए मिलनेवाली राशि को 16वें वित्त आयोग में 20 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दिया है। सरकार गरीब एवं कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। विधवा, दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी गई है।

CM Araria 3 22Scope News

सीएम ने कहा- राज्य के सभी परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है

सीएम ने कहा कि राज्य के सभी परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जिन घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगेंगे और 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन होगा, वहां अतिरिक्त बिजली के बदले सरकार सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में राशि भेजेगी। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पंचायत स्तर पर किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं गरीबों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा- स्टेट हाई-वे पर टोल टैक्स को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट हाई-वे पर टोल टैक्स को लेकर कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। निजी वाहनों पर किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लगेगा। केवल व्यवसायिक वाहनों से ही टैक्स लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। 15 जुलाई तक राज्य के शेष सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी। सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। साथ ही प्रखंडों में खुलने वाले मॉडल स्कूलों एवं ग्रामीण हाई स्कूलों में भी कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि विद्यार्थियो को पढ़ाई के लिए बड़े शहरों या पटना नहीं जाना पड़े।

CM Araria 4 22Scope News

मुख्यमंत्री ने कहा- अपराध और घुसपैठ के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और घुसपैठ के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए 735 किलोमीटर सीमा पर 194 बीओपी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फारबिसगंज एयरपोर्ट के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है और अगले वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास होगा। अररिया में मेडिकल कॉलेज के लिए भी भूमि उपलब्ध है जल्द ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त फोरलेन सड़क, सिलीगुड़ी-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे, कोसी-मेची लिंक परियोजना, बैरगाछी-सिकटी सड़क, टैक्सगंज-सुकेला बाईपास व सुभाष चौक आरओबी जैसे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा- मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है व जिन लाभार्थियों के खातों में राशि अभी तक नहीं पहुंची है, उन्हें इसी महीने भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर बिहार के गरीबों को न्याय दिलाने और समृद्ध बिहार के निर्माण का प्रभावी माध्यम बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिखाए गए विकास के मार्ग पर चलते हुए बिहार को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज झमाझम बारिश के बीच में आप सभी उपस्थित हैं इसके लिए धन्यवाद देता हूं और कामना करता हूं कि किसानों की समृद्धि हो और बिहार का सतत विकास हो।

CM Araria 5 22Scope News

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभियान बसेरा-2, आयुष्मान वय वंदन कार्ड, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया।

CM Araria 1 22Scope News

CM सम्राट के साथ मंत्री, सांसद, कई विधायक, पार्षद और कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह अररिया जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद, सांसद प्रदीप कुमार सिंह, विधायक विजय कुमार मंडल, विधायक मनोज विश्वास, विधायक मो. मुर्शीद आलम, अररिया जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम, फारबिसगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद वीणा देवी, 20 सूत्री के उपाध्यक्ष आशीष पटेल, 20 सूत्री के उपाध्यक्ष सह भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव सह अररिया जिले के प्रभारी सचिव मो. सोहैल, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद, जिलाधिकारी विनोद दूहन, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष पवन मिश्रा, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जिलाध्यक्ष विष्णु ऋषिदेव, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष विभाष चंद्र मेहता, अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

CM Araria 6 22Scope News

यह भी पढ़े : सहयोग शिविर : सबसे अधिक पश्चिम चंपारण में प्राप्त हुए आवेदन, निष्पादन दर 94 फीसदी के पार

Highlights

JPSC Backlog Result 2025: JPSC ने जारी किया बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा...

JPSC Backlog Result 2025: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने मंगलवार को झारखंड कंबाइंड सिविल सर्विसेज (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा-2025 के नतीजे घोषित कर...

बांकीपुर उपचुनाव : BJP ने उम्मीदवार का किया ऐलान, अभिषेक कुमार...

पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा सीट...

चंचल नगर में संदिग्ध बम विस्फोट, 2 मजदूर घायल, जमीन विवाद...

दरभंगा : दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंचल नगर में मंगलवार को बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान हुए संदिग्ध बम विस्फोट में...