JPSC JSSC Exam Scam: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। भाजपा नेताओं ने इस संबंध में मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की गई।
भाजपा ने सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार को 48 घंटे का समय दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में न्याय नहीं मिलने पर भाजपा छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। आदित्य साहू ने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। भाजपा का आरोप है कि राज्य में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में बड़े स्तर पर धांधली होती है और नौकरियों को लेकर अनियमितताएं की जाती हैं। उन्होंने कहा कि छात्र अपने साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आंदोलन करते हैं। भाजपा का आरोप है कि ऐसे आंदोलनों के दौरान निर्दोष छात्रों पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है। आदित्य साहू ने दावा किया कि राज्य के विभिन्न थानों में 1000 से अधिक छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि रांची, गिरिडीह, चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में झामुमो कार्यकर्ताओं की ओर से छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। रामगढ़ में एक झामुमो नेता द्वारा छात्रों को लेकर दिए गए कथित बयान का भी ज्ञापन में उल्लेख किया गया है।
शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान दर्ज केस वापस लेने की मांग
भाजपा ने अपने ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के एक आदेश का हवाला देते हुए शांतिपूर्ण छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि झारखंड में भी शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की मांग की है।
JPSC मामले में गिरफ्तारियों की भी मांग
मुख्य सचिव को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने JPSC के तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांगते की तरह ही कथित अपराध में शामिल अन्य लोगों और कर्मचारियों को भी गिरफ्तार करने की मांग की। भाजपा ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने तथा छात्रों से जुड़े मामलों में कार्रवाई करने की मांग को प्रमुखता से रखा है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि 48 घंटे में मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में छात्रों के साथ आंदोलन किया जाएगा।


















