Ranchi Development Plan: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रांची शहर को व्यवस्थित, सुगम और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने तथा सड़कों पर बने अनावश्यक कट को चिह्नित कर बंद करने का निर्देश दिया। बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहे, यातायात व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और चल रही विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
रांची के विकास के लिए बनेगी दीर्घकालिक कार्ययोजना
बैठक में रांची के मास्टर प्लान और आने वाले वर्षों की विकास कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक और समग्र योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विकास का दायरा केवल रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज भी होगा परियोजना का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण योजनाओं में जल निकासी की समुचित व्यवस्था को अनिवार्य हिस्सा बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सड़क और ड्रेनेज की पूरी संरचना को एकीकृत रूप से डिजाइन किया जाए। ड्रेनेज के लिए सड़क की संरचना के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई और स्थान का प्रावधान हो, ताकि भविष्य में अनियोजित निर्माण या अतिक्रमण की समस्या उत्पन्न न हो। सड़क के दोनों किनारों पर ड्रेनेज, पैदल आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भी पर्याप्त जगह रखने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर सड़क परियोजनाओं की योजना बनाई जानी चाहिए।
हर वार्ड में वेंडर मार्केट बनाने पर जोर
सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स के लिए व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी वेंडर्स को चिह्नित कर उनके लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम करने को कहा गया। मुख्यमंत्री के अनुसार इससे सड़क किनारे अनियोजित तरीके से लगने वाले बाजार और दुकानों के कारण होने वाली भीड़ तथा जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही वेंडर्स के लिए भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
अनावश्यक सड़क कट और अव्यवस्थित केबल होंगे नियंत्रित
रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने शहर में संचालित सभी बसों की संख्या, उनके रूट और समय-सारणी का समुचित डेटा तैयार करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करना और यातायात दबाव को कम करना है। उन्होंने सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने तथा वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे लटकते तार और अव्यवस्थित केबल को भी व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। नए केबल और संचार तार बिछाने के दौरान निर्धारित मानकों और तकनीकी प्रावधानों का पालन करने को कहा गया। सड़कों की बार-बार खुदाई रोकने के लिए विभिन्न विभागों और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समेकित व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया गया। पेड़ों पर अनावश्यक रूप से लटक रहे तारों को हटाने तथा पेड़ों और हरित क्षेत्रों को नुकसान पहुंचाए बिना उपयोगी तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने को भी कहा गया।
सरकारी जमीन पर कब्जे को चिह्नित कर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते हुए संबंधित लोगों के लिए वैकल्पिक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रांची समेत राज्य के अन्य शहरों की विकास योजनाओं में शहरी नियोजन, सड़क नेटवर्क, यातायात, ड्रेनेज, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, वेंडर व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पार्क और हरित क्षेत्र जैसे सभी पहलुओं को समग्र रूप से शामिल किया जाना चाहिए। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद थे।


















