रांची के खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में Army Recruitment Rally शुरू हो गयी है। 15 सितंबर तक भर्ती होगी। जानें जिलेवार तारीख और जरूरी सुविधाएं।
Army Recruitment Rally रांची: खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में गुरुवार की तड़के चार बजे से सेना भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गयी। अभ्यर्थियों की एंट्री बुधवार रात आठ बजे से ही शुरू कर दी गयी थी। भर्ती रैली 15 सितंबर तक चलेगी। इसके लिए अलग-अलग जिलों और ट्रेड के अनुसार तारीख निर्धारित की गयी है।
झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किये हैं।
Army Recruitment Rally: 12 प्रमुख स्थानों पर पुलिस और दंडाधिकारी तैनात
भर्ती स्थल और आसपास के 12 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गयी है। रेस्ट एरिया, फुटबॉल मैदान, हैंगर, टावर नंबर तीन और चार, स्टेडियम परिसर, मुख्य गेट, मेडिकल जांच के लिए गेट नंबर दो, मेन रोड की बैरिकेडिंग और मुख्य एथलेटिक स्टेडियम भवन समेत अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को दलालों और ठगी से बचाने के लिए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं।
Army Recruitment Rally: जिलेवार जानें किस तारीख को होगी भर्ती
- 3 सितंबर: एआरओ रांची और एआरओ मुजफ्फरपुर के अंतर्गत आने वाले जिले। सेंट्रल कैटेगरी में सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, सिपाही फार्मा, आरटी जेसीओ और हवलदार ईडीएन।
- 4 सितंबर: आरओ हेडक्वार्टर दानापुर, एआरओ कटिहार और एआरओ गया के अंतर्गत आने वाले जिले। सेंट्रल कैटेगरी में सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट।
- 5 सितंबर: बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, लोहरदगा, पाकुड़ और सिमडेगा। ट्रेड: अग्निवीर टेक्निकल।
- 6 सितंबर: हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पलामू, रामगढ़, रांची, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम। ट्रेड: अग्निवीर टेक्निकल।
- 7 सितंबर: रांची, साहेबगंज, सरायकेला-खरसावां और देवघर। ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।
- 8 सितंबर: गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम। ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।
- 9 सितंबर: पाकुड़, गिरिडीह, सिमडेगा, रामगढ़, लातेहार और बोकारो। ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।
- 10 सितंबर: दुमका, लोहरदगा, धनबाद, कोडरमा और गढ़वा। ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।
- 11 सितंबर: पलामू, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा और खूंटी। ट्रेड: अग्निवीर जनरल ड्यूटी।
- 12 सितंबर: झारखंड के सभी 24 जिलों के अभ्यर्थी। ट्रेड: अग्निवीर ट्रेड्समैन, आठवीं और दसवीं पास।
- 13 से 15 सितंबर: भर्ती प्रक्रिया के शेष चरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे।
Key Highlights
- रांची के खेलगांव में सेना भर्ती रैली गुरुवार तड़के चार बजे से शुरू हुई।
- भर्ती रैली 15 सितंबर तक चलेगी और जिलों के अनुसार तारीख तय की गयी है।
- 12 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किये गये हैं।
- 5 से 11 सितंबर तक अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर टेक्निकल और जनरल ड्यूटी की भर्ती होगी।
- 12 सितंबर को झारखंड के सभी 24 जिलों के अभ्यर्थी अग्निवीर ट्रेड्समैन भर्ती में शामिल हो सकेंगे।
Army Recruitment Rally: पानी, शौचालय और बस की भी व्यवस्था
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने को देखते हुए भर्ती स्थल पर अस्थायी शौचालय और पेयजल टैंकर की व्यवस्था की गयी है। जलापूर्ति विभाग ने आसपास वाटर टैप प्वाइंट भी उपलब्ध कराया है। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए वाहनों और पर्याप्त बसों की व्यवस्था की गयी है, ताकि भर्ती स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी दलाल के झांसे में न आएं और भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करें।


















