झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 अक्टूबर में प्रस्तावित है। करीब 4.40 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। एडमिट कार्ड सितंबर के अंतिम सप्ताह से जारी होगा।
Jharkhand JTET 2026 रांची: झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेटेट का आयोजन अक्टूबर में किया जाएगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षा से लेकर रिजल्ट जारी करने तक की पूरी टाइमलाइन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जेटेट परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित की जा सकती है। हालांकि परीक्षा की आधिकारिक तिथि जैक की ओर से जल्द घोषित की जाएगी।
परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ के लिए अलग-अलग परीक्षा होगी। परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
Jharkhand JTET 2026:11 अक्टूबर को परीक्षा की तैयारी, 1000 से ज्यादा केंद्र बनेंगे
जैक की ओर से जेटेट परीक्षा के लिए राज्य में 1000 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाने की तैयारी है। जैक ने सभी जिलों से 31 अगस्त तक परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से संबंधित रिपोर्ट मांगी थी। अब तक 15 जिलों ने अपनी रिपोर्ट जैक को भेज दी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली में कक्षा एक से पांच और दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ के लिए परीक्षा होगी। जिन अभ्यर्थियों ने दोनों श्रेणियों के लिए आवेदन किया है, उन्हें दोनों पालियों में परीक्षा देनी होगी।
Key Highlights
- झारखंड जेटेट में करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
- परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित करने की तैयारी है, आधिकारिक तारीख जल्द घोषित होगी।
- कक्षा एक से पांच और छह से आठ के लिए दो पालियों में परीक्षा होगी।
- सितंबर के अंतिम सप्ताह से एडमिट कार्ड जारी होने की तैयारी है।
- नवंबर में उत्तर कुंजी और दिसंबर में रिजल्ट जारी करने का प्रस्ताव है।
Jharkhand JTET 2026:सितंबर के अंतिम सप्ताह से Admit Card होगा जारी
जेटेट के लिए एडमिट कार्ड सितंबर के अंतिम सप्ताह से जारी किए जाने की तैयारी है। अभ्यर्थी जैक की वेबसाइट के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र और परीक्षा से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य में पिछली शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी। इसके बाद से अभ्यर्थी लंबे समय से जेटेट परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के प्रावधान के अनुरूप शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन नियमित रूप से किया जाना है, लेकिन झारखंड में वर्ष 2011 में अधिनियम लागू होने के बाद अब तक केवल दो बार जेटेट परीक्षा हुई है।
Jharkhand JTET 2026:नवंबर में Answer Key, दिसंबर में रिजल्ट की तैयारी
प्रस्तावित टाइमलाइन के अनुसार परीक्षा के बाद नवंबर में उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। जैक की ओर से उत्तर कुंजी पर अभ्यर्थियों से आपत्ति मांगी जाएगी। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी।
इसके बाद दिसंबर में जेटेट का रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। जैक अध्यक्ष की ओर से परीक्षा आयोजन, उत्तर कुंजी और रिजल्ट को लेकर विस्तृत कार्यक्रम शिक्षा विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है।


















